सूफी फेस्टिवल में देशी-विदेशी कलाकारों की जुगलबंदी ने बांधा समां

Share

सूफी फेस्टिवल में देशी-विदेशी कलाकारों की जुगलबंदी ने बांधा समां

जोधपुर, 15 फरवरी (हि.स.)। मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट द्वारा आयोजित तीन दिवसीय सेक्रेड स्पिरिट फेस्टिवल 2025 के तहत शनिवार को दूसरे दिन भी संगीत एवं नृत्य की प्रस्तुति आकर्षण का केन्द्र रही। इस दौरान आज दिनभर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के महाप्रबन्धक जगतसिंह राठौड़ ने बताया कि पूर्व नरेश गजसिंह के मुख्य संरक्षण में यह महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। फेस्टिवल के दूसरे दिन भी देशी-विदेशी कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की वाहवाही लूटी एवं उन्हें झूमने पर मजबूर कर दिया। सुबह जसवन्तथड़ा पर मॉर्निंग खयाल महफिल के तहत जयपुर के गायक मोहम्मद अमान खान, मुजफ्फर रहमान, तबला व आलोक भट्ट द्वारा सितार के साथ संगीत कार्यक्रम की प्रस्तुति हुई। इसके बाद मेहरानगढ़ के चौखेलाव बाग में कार्नेटिक वायलिन हेरिटेज के तहत सीएस अनुरूप व पार्वती दिलीप व टीम द्वारा कर्नाटक संगीत की समृद्ध विरासत को उजागर करते वायलिन वादन की प्रस्तुति दी गई। वहीं चौखेलाव बाग में ही कुशल ट्रायो के तहत कमायचा संगीत यंत्र के विषेषज्ञ कलाकारों घेवर खान, दारा खान और जावेद खान के साथ पेरिन बॉरेल वायलिन, मैना सेरानो वायलिन, मोसिन कावा तबला, मेहमान कलाकारों के साथ राजस्थान के रेगिस्तान से लेकर आल्प पर्वत तक विषयक जुगलबंदी का कार्यक्रम हुआ। दोपहर में चौखेलाव बाग में ही चिल्ड्रन्स ऑफ टूडे, म्यूजिशियन्स ऑफ टूमारो के तहत कलाकारों द्वारा कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुति दी गई।