कांग्रेस ने गुरु रविदास की 648 वीं जयंती मनाई

Share

कांग्रेस ने गुरु रविदास की 648 वीं जयंती मनाई

रांची, 12 फरवरी (हि.स.)। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 648 वीं जयंती कांग्रेस भवन रांची में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की ओर से केदार पासवान की अध्यक्षता में मनाई गई।

इस अवसर पर उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गुरु रविदास के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि गुरु रविदास से हमें सीखने की आवश्यकता है। खासकर अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को उनके विचारों के अनुसार संगठित होकर समाज में आगे बढ़ाने की कोशिश करनी चाहिए। आज अनुसूचित जाति के लोगों को अपने बारे में सोचने की आवश्यकता है,समाज का अन्य वर्ग उन्हें आगे बढ़ना चाहता है लेकिन कोशिश उन्हें स्वयं करना होगा।

समाज के मुख्य धारा में आगे रखने के लिए संविधान में उन्हें अधिकार प्रदान किए गए हैं उन अधिकारों के बारे में उन्हें जानना होगा, संगठन को मजबूत बनाने के लिए समाज के बीच जाना होगा और उन्हें जागरूक करना होगा। कांग्रेस हमेशा से दलित वर्ग के उत्थान के लिए आवाज उठाती है, कांग्रेसनीत सरकारों में कई कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की गई थी जिसने अनुसूचित जाति समाज के आर्थिक स्तर को मजबूत किया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि संत रविदास की जयंती समाज में उनके योगदान को याद करने का अवसर है यह समाज में समानता प्रेम और भाईचारे को बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उनका जीवन सीखाता है कि हमें जाति, धर्म और समाज के हर वर्ग से ऊपर उठकर एकता और प्रेम में विश्वास करना चाहिए। अनुसूचित जाति के अंदर 66 उपजातियां आती हैं और हम एक होने की जगह इन्हीं उपजातियों में विभक्त होकर रह गए हैं। विभाजन का परिणाम है कि संविधान में अधिकार मिलने के बाद भी हमारी आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं है। अधिकारों के व्यापक संघर्ष के लिए एकजुटता आवश्यक है। कार्यक्रम को विधायक सुरेश बैठा सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रमुख रूप से रविंद्र सिंह, राजीव रंजन प्रसाद, संजय लाल पासवान, राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुजनी, किशोर शाहदेव, निरंजन पासवान, सोनाल शांति रियाज, अहमद विनय सिन्हा, दीपू कमल ठाकुर, अमूल्य नीरज खलको, जगदीश साहू सहित अन्य शामिल थे।

—————