तीर्थ स्थानों की यात्रा, पूजा, अर्चना, दान-पुण्य में सारा खर्च स्वयं का होना चाहिए : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश

Share

तीर्थ स्थानों की यात्रा, पूजा, अर्चना, दान-पुण्य में सारा खर्च स्वयं का होना चाहिए : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश

रायपुर, 12 फ़रवरी (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा क‍ि तीर्थ स्थानों की यात्रा, पूजा, अर्चना, दान-पुण्य में सारा खर्च आपका अपना स्वयं का होना चाहिए। सरकारी खर्च पर दान-पुण्य नहीं करना चाहिए। गंगा में डुबकी लगाने से पूर्व मन साफ होना चाहिए। दूषित मन के साथ डुबकी लगाने से पुण्य नहीं मिलेगा। कांग्रेस विधायकों के महाकुंभ जाने के सवाल पर बघेल ने कहा कि जिन्हें जाना है वे स्वतंत्र हैं।

उल्‍लेखनीय है क‍ि साय सरकार की ओर से सभी मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को महाकुंभ जाने के लिए सरकारी निमंत्रण दिया गया है। इस पर भूपेश बघेल ने महाकुंभ के बहाने साय सरकार के साथ योगी सरकार पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि प्रचार के उद्देश्य से महाकुंभ का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा से कुंभ का आयोजन करती आई है। सरकार की ओर से आयोजन है तो सिर्फ प्रचार करना नहीं, व्यवस्था की जिम्मेदारी भी सरकार की है। भूपेश बघेल ने योगी सरकार की खराब व्यवस्था को भगदड़ का कारण बताया। बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि 15 करोड़ लोगों के डुबकी लगाने की बात कही जा रही है, लेकिन कुंभ में कितने बिछड़े, कितने घायल हुए, कितनी मौतें हुई, यह अकड़े अब तक नहीं बताए हैं।

—————