बीजापुर में प्रथम चरण के पंचायत चुनाव के लिए 73 मतदान दलों को किया गया रवाना
बीजापुर, 16 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के धुर नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में पहले चरण के चुनाव के लिए कुल 73 मतदान दलों को आज रविवार काे दिशा-निर्देश के साथ रवाना किया गया है, जिसमें पांच दल पिंक बूथ के रूप में होगी। धनोरा और नैमेड़ पंचायत में पिंक बूथों का संचालन महिला मतदान कर्मचारी करेंगी। मतदान दलों को रवाना करने से पहले बीजापुर जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर संबित मिश्रा ने कर्मचारियों को सुरक्षा के निर्देश दिए।
वहीं एसपी जितेंद्र यादव ने कहा कि सभी मतदान दल यहां से सुरक्षा के बीच रवाना किए जाएंगे, आप सभी सुरक्षा दिशा-निर्देशाें का पालन करेंगे। मतदान केंद्र में ही रहेंगे और बाहर से कुछ भी नहीं मंगवाएंगे। आप सभी अपनी सुरक्षा के साथ समझौता नहीं करेंगे। एसपी ने कहा कि बीजापुर जिले के कुछ इलाके संवेदनशील हैं। जिस तरह से अंदरूनी इलाकों में कैंप खोले गए हैं, नक्सली बौखलाए हुए हैं। इसलिए आप सभी नियमों का पालन करें, जवानों के साथ जाएं और उन्हीं के साथ वापस आएं।
गाैरतलब है कि बीजापुर जनपद क्षेत्र के लिए 485 वार्ड पंच 392 निर्विरोध चुने गए हैं। 29 पद रिक्त हैं और 64 पदों के लिए चुनाव होगा, जिसमें 137 अभ्यर्थी मैदान में हैं। इसमें पहले चरण में जिला पंचायत सदस्य के तीन पदों के लिए 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। जनपद सदस्य के 11 पदों के खिलाफ 31 उम्मीदवार हैं। सरपंच के 25 पदों के लिए 79 अभ्यर्थी मैदान में हैं। सरपंच के नाै पद पर निर्विरोध और दाे पद रिक्त हैं।
—————