श्रीयादे माता जयन्ती महोत्सव : विराट भजन संध्या आज, शुक्रवार को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
श्रीयादे माता जयन्ती महोत्सव : विराट भजन संध्या आज, शुक्रवार को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
जोधपुर, 30 जनवरी (हि.स.)। कुम्हार (प्रजापति) समाज की आराध्य देवी भक्त शिरोमणि श्री श्रीयादे माता जयन्ती महोत्सव समिति जोधपुर के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय भव्य समारोह का शुभारम्भ आज शाम विराट भजन संध्या से होगा।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष धर्मन्द्र गुडिय़ा बताया कि गुरुवार सायं 5.00 श्री श्रीयादे माता मन्दिर, रातानाडा पर विराट भजन संध्या आयोजित होगी। इस भजन संध्या में विश्व प्रसिद्ध लोक गायक कालूराम प्रजापति कमल व पन्नालाल टटवाडिया, चेतन भासा ऐणिया के नेतृत्व में समाज के जाने माने भजन गायक भजनों से भक्ति रस की सरिता बहाऐंगे। महोत्सव के अंतर्गत ही सांगरिया स्थित गणेश नगर, श्री श्रीयादे माता मंदिर विष्णु कॉलोनी चांदना भाखर सहित कई क्षेत्रों में भी भजन संध्या का भव्य आयोजन होगा। भजन संध्या को लेकर समाज के लोगों में काफी उत्साह है।
शुक्रवार को निकलेगी भव्य शोभायात्रा :
शुक्रवार को प्रात: 10.30 बजे श्री श्रीयादे माता मन्दिर रातानाडा से अतिथिगण व समाज के प्रबुद्धजनों द्वारा शोभायात्रा को केसरिया झंडी दिखाकर विधिवत रवाना किया जाएगा।
महासचिव महेन्द्र कुमार घोड़ेला ने बताया कि शोभायात्रा रातानाडा से प्रारम्भ होकर नई सडक़, घण्टाघर, कन्दोई बाजार, कटला बाजार, सिटी पुलिस, सर्राफा बाजार, आडा बाजार, कुम्हारियां कुआं, जालोरी गेट, गोलबिल्डिंग, सरदारपुरा बी रोड़ होते हुए गांधी मैदान पहुंचकर विर्सजित होगी। सचिव भंवरलाल ओडिया ने कहा कि इस भव्य शोभायात्रा में 51 सामाजिक, धार्मिक, देशभक्ति से ओत प्रोत जिसमें फाइटर विमान, भारतीय कमाण्डो तोप सहित एवं शैक्षणिक, धार्मिक व आकर्षक झांकियों होगी। इसके साथ ही भजन मण्डलियां,मिकी माउस , छोटा भीम,पंजाब का अनोखा भांगड़ा डांस, जोधपुर की प्रसिद्ध बैण्डों द्वारा मधुर स्वर लहरिया सोजतसिटी की सुप्रसिद्ध कच्छी घोड़ी नृत्य आकर्षण का केन्द्र होंगी।
जन प्रतिनिधि होंगे शामिल :
शोभायात्रा के संयोजक राजेश मंगल ने बताया कि शोभायात्रा में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत, शहर विधायक अतुल भंसाली, सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी, प्रहलादराय टाक चेयरमेन श्रीयादे माटी कला बोर्ड, कुन्ती देवडा महापौर नगर निगम उत्तर एवं वनीता सेठ महापौर नगर निगम दक्षिण, महेन्द्र कुमावत प्रदेशमन्त्री भाजपा, शान्तिलाल लिम्बा पूर्व अध्यक्ष माटी कला बोर्ड राजस्थान, शशिप्रकाश प्रजापत प्रदेशमन्त्री ओबीसी मोर्चा भाजपा, अमित सिंघाटिया भाजपा शास्त्री नगर मण्डल अध्यक्ष सहित कई राजनेता उपस्थित रहेंगे।
हैरत अंगेज प्रदर्शन होगा :
महोत्सव समिति के मुख्य संरक्षक दशरथकुमार कवाडिया व कालूराम कारवाल ने बताया कि इस विशालतम शोभायात्रा में झांकियों के साथ ही ऊंट, घोड़े, रथ के अलावा व्यायामशाला के कार्यकर्ताओं द्वारा हैरतअंगेज व्यायाम प्रदर्शन किये जायेंगे साथ ही इस भव्य शोभायात्रा में नौपत शहनाई व विभिन्न बैण्डों द्वारा मधुर ध्वनि से स्वर लहरियां बिखेरेंगें। इस शोभायात्रा को लेकर कुम्हार समाज में उत्साह है।