भाजपा प्रत्याशी विजेंद्र गुप्ता ने रोहिणी में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के साथ किया संवाद

Share

भाजपा प्रत्याशी विजेंद्र गुप्ता ने रोहिणी में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के साथ किया संवाद

नई दिल्ली, 29 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और रोहिणी विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार विजेंद्र गुप्ता ने बुधवार को रोहिणी में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स के साथ संवाद किया और चुनाव के लिए उनका समर्थन मांगा।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि देश की आर्थिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। चाहे कोई व्यापारी हो या नौकरीपेशा सभी को अपनी आयकर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की जरूरत पड़ती ही है। सरकार के आर्थिक नियमों और बजट पेचीदगियों को समझने में ये चार्टर्ड अकाउंटेंट्स हमारे लिए एक मेंटर की भूमिका निभाते हैं।

गुप्ता ने रोहिणी विधानसभा में पिछले दस सालों में किए गए विकास कार्यों से अवगत करवाया और आश्वासन दिया कि जो काम बजट न होने के कारण नहीं करवाए जा सके हैं, उन्हें अगले कार्यकाल में पूरा किया जाएगा।

इस दौरान गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह रोहिणी के सेक्टर-7 में स्थित रामलीला मैदान में दोपहर दो बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने स्थानीय लोगों को इस जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान भी किया।

—————