किरोड़ीमल नगर में भाजपा की ऐतिहासिक नामांकन रैली, जनसमर्थन का अभूतपूर्व उत्साह
रायगढ़, 28 जनवरी (हि.स.)। किरोड़ीमल नगर में भारतीय जनता पार्टी ने आज मंगलवार को एक भव्य और ऐतिहासिक नामांकन रैली का आयोजन किया। यह रैली न केवल पार्टी के लिए जनसमर्थन और उत्साह का प्रतीक बनी, बल्कि नगरवासियों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर यह संदेश दिया कि भाजपा ही उनके विश्वास और आशाओं का केंद्र है।
रैली की शुरुआत देवीधाम दुर्गा मंदिर किरोड़ीमल से हुई, जहां हर वार्ड से नगरवासियों ने स्वेच्छा से भाग लिया। रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेता विवेक रंजन सिन्हा, महेश साहू और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने अपने नेतृत्व और विचारों से रैली को गरिमा प्रदान की। उन्होंने अपने संबोधन में भाजपा की विकासोन्मुख नीतियों और पारदर्शी प्रशासन पर प्रकाश डालते हुए जनता से एकजुट रहने की अपील की।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी सुनीता मोहन विश्वकर्मा ने अपने भावपूर्ण संबोधन में कहा, “आप सभी का यह उत्साह और समर्थन हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। भाजपा का हर प्रत्याशी आपके विश्वास पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेगा। किरोड़ीमल नगर का विकास और जनसेवा ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
पार्षद प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्ड के नागरिकों को भरोसा दिलाया कि वे हर समस्या का समाधान करेंगे और नगर को एक आदर्श पंचायत के रूप में स्थापित करने का प्रयास करेंगे।
—————