भाजपा पार्षद उम्मीदवार की उम्र कम होने से नामांकन रद्द
गरियाबंद, 29 जनवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रदेश के सभी निकायों में पार्टियों ने अपने-अपने उम्मीदवाराें की घाेषणा कर दिया है। इस बीच देवभोग नगर पंचायत के वार्ड 12 से एक दिलचस्प मामला सामने आया है। दरअसल यहां भाजपा-कांग्रेस के अलावा निर्दलीय उम्मीदवार ने अपना नामांकन दाखिल किया था, लेकन भाजपा उम्मीदवार रानू सोनी की उम्र कम होने से उनका नामांकन रद्द कर दिया है।
अब इस वार्ड में कांग्रेस उम्मीदवार कौशल्या यादव और निर्दलीय उम्मीदवार कुंती रेंगे के बीच मुकाबला है, जो की कांग्रेस जिला प्रवक्ता गोविंद रेंगे की मां है। उल्लेखनीय है कि भाजपा उम्मीदवार रानू सोनी का नामांकन रिटर्निंग अफसर ने रद्द कर दिया है. इस मामले में देवभोग एसडीएम तुलसी राम मरकाम ने आदेश जारी किया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्षद उम्मीदवार कौशल्या यादव द्वारा उम्र पर लिखित आपत्ति दर्ज कराया था, जिसकी विधिवत जांच व सुनवाई की गई। जांच में भाजपा उम्मीदवार की उम्र 21 वर्ष से कम पाई गई जिसके बाद उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया है।
गौरतलब है कि देवभोग नगर पंचायत के वार्ड 12 से कांग्रेस प्रवक्ता गोविद रेंगे ने टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी ने यहां से कौशल्या यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है. इससे नाराज होकर गोविंद रेंगे ने अपनी मां कुंती रेंगे को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में खड़ा कर दिया है। अब ऐसे में अगर कांग्रेस अपने नाराज प्रवक्ता और उसकी मां को मनाने में कामयाब हो जाती है तो यह सीट कांग्रेस के लिए वॉकओवर साबित होगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले, भाजपा उम्मीदवार रानू सोनी का नामांकन रद्द कर दिया गया था, क्योंकि कांग्रेस ने उनकी उम्र को लेकर आपत्ति दर्ज कराई थी। अब, वार्ड 12 में कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा। कांग्रेस, इस वार्ड को जीतने के लिए सभी प्रयासों को तेज कर चुकी है। पार्टी की कोशिश है कि वह नाराज कांग्रेसी गोविंद रंगे को मना कर निर्विरोध जीत हासिल कर सके। देवभोग नगर पंचायत के लिए वार्ड क्रमांक 11 के लिए कांग्रेस ने नेहा यादव को अपना उम्मीदवार बनाया था। लेकिन नामांकन दाखिल करते वक्त दस्तावेजों की जांच में नेहा की उम्र 21 वर्ष से कम पाई गई, जिसके बाद तत्काल कांग्रेस ने उम्मीदवार बदलते हुए नेहा के देवर मनीष यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है।
—————