फरीदाबाद में नाबालिग के साथ दुष्कर्म मामले का राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान, तीन दिनों में मांगी रिपोर्ट 

Share

फरीदाबाद में नाबालिग के साथ दुष्कर्म मामले का राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान, तीन दिनों में मांगी रिपोर्ट 

नई दिल्ली, 18 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा के फरीदाबाद में 16 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले को राष्ट्रीय महिला आयोग ने बेहद चिंताजनक बताया है।

शनिवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने ट्वीट करके कहा कि फरीदाबाद में एक 16 वर्षीय लड़की के साथ बार-बार यौन उत्पीड़न और उसके जबरन गर्भपात के बारे में एक बेहद चिंताजनक मीडिया रिपोर्ट का स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने पुलिस को निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने और पीड़िता को चिकित्सा सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श और मुआवजे सहित तत्काल सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। आयोग ने तीन दिनों के अंदर एक विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा के फरीदाबाद में एक 16 साल की नाबालिग लड़की के साथ उसके पड़ोसियों ने कई बार दुष्कर्म किया और गर्भवती होने पर उसका जबरन गर्भपात करा दिया। इस हैवानियत भरे कृत्य के लिए पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पीड़िता एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखती है और अपने परिवार का पेट पालने के लिए भीख मांगती है। आरोपित जसवंत नाम का एक ऑटो चालक अक्सर पीड़िता को खाना खिलाता था और उसकी मदद करता था। एक दिन पीड़िता का छोटा भाई खो गया तो जसवंत ने उसे ढूंढने में मदद की। इसी दौरान उसने पीड़िता को अपने कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके दोस्त सुल्तान ने भी पीड़िता के साथ यही कृत्य दोहराया। पीड़िता के पड़ोसी सिकंदर ने भी पीड़िता का यौन शोषण किया। जब पीड़िता गर्भवती हुई तो आरोपितों ने मिलकर उसका जबरन गर्भपात करा दिया। इस घटना से पीड़िता की तबीयत बहुत खराब हो गई। यह मामला तब सामने आया जब दो गैर सरकारी संगठनों ने चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी। अधिकारियों ने पीड़िता से बात की और उसने पूरी घटना के बारे में बताया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया और तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

—————