राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुण्यतिथि पर किया याद
जोधपुर, 30 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को शहरभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उनकी प्रतिमाओं व तस्वीरों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कलेक्ट्रेट में भी दो मिनट का मौन रख कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में गुरुवार को दो मिनट का मौन धारण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर स्थित महात्मा गांधी पार्क में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित किया गया तथा उपस्थित अतिथियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की स्मृति में उनके प्रिय भजनों का गान किया गया तथा दो मिनट का मौन रखा गया। संभागीय आयुक्त डॉ. सिंह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी 77वीं पुण्यतिथि के अवसर याद करते हुए जोधपुर वासियों से आह्वान किया कि आज के परिप्रेक्ष्य में हम सभी को गांधीजी के जीवन आदर्शों एवं सिद्धांतों को से प्रेरणा लेते हुए पारस्परिक प्रेम, सौहार्द, भाईचारे एवं अहिंसा को जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्होंने गांधीजी के जीवन आदर्शों और सिद्धांतों को आज भी प्रासंगिक बताया। इस अवसर अतिरिक्त जि़ला कलेक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी, अतिरिक्त जि़ला कलेक्टर (द्वितीय) सुरेंद्र सिंह पुरोहित सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारीगण एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
वहीं हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कांग्रेस की ओर से एमजीएच रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भी कांग्रेस नेताओं ने गांधीजी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। कांग्रेस के उत्तर जिलाध्यक्ष सलीम खान व दक्षिण जिलाध्यक्ष नरेश जोशी ने बताया कि सुबह कांग्रेस मुख्यालय पर दो मिनट का मौन रखा तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा पूर्वक पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व शहर विधायक मनीषा पंवार सहित कई कांग्रेस नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता आदि उपस्थित थे।
शहीदों की स्मृति में पुलिस आयुक्तालय के विभिन्न थानों, चौकियों व कार्यालयों में शहीद दिवस कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं रामधुन भजनों का गान का आयोजन कर शहीद दिवस कार्यक्रम मनाया गया।
तीन मिनट तक नहीं बजी इंजन की सिटी
शहीद दिवस के अवसर पर गुरुवार को सुबह तीन मिनट तक एक भी रेलवे इंजन की सिटी नहीं बजी। डीआरएम पंकज कुमार सिंह ने बताया कि शहीदों की स्मृति में गुरुवार को दो मिनट का मौन रखा गया जिसके तहत रेलवे इंजनों ने भी सुबह 10.59 से 11.02 बजे तक सीटियां नहीं बजाई।
यहां भी हुए कार्यक्रम
युवा कांग्रेस जोधपुर द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 77वीं पुण्यतिथि पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर नया परिसर जेएनवीयू में मौन रख पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।