गंगा में छलांग लगाने वाले अवसादग्रस्त युवक की पीएसी के जवानों ने बचाई जान
महाकुम्भ नगर,10 जनवरी (हि.स.)। महाकुम्भ क्षेत्र के पाण्टून पुल नम्बर 13 से शुक्रवार को अवसाद ग्रस्त एक युवक ने गंगा में छलांग लगा दी। गंगोली शिवाला के पास ड्यूटी पर तैनात बाढ़ राहत दल के जवानों ने सक्रियता दिखाते हुए उसकी जान बचाने में कामयाब हो गए। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण ने जवानों को उत्साहवर्धन करते हुए प्रशस्ति पत्र दिया।
महाकुम्भ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि मेला क्षेत्र के पांटून पुल नंबर 13 से गंगा नदी में शुक्रवार को अवसाद ग्रस्त राजाराम नाम के एक युवक ने अचानक छलांग लगा दी। बहाव तेज होने की वजह से पानी में बहने लगा। यह देखते ही आस—पास के श्रद्धालुओं ने शोर मचाया। शोर सुनकर गंगोली शिवाला के पास ड्यूटी पर तैनात बाढ़ राहत दल पीएसी के जवान मौके पर पहुंचे और डूब रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। इस सराहनीय कार्य की जानकारी होते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक वैभव कृष्ण ने जीवन रक्षक कार्य करने वाले पुलिस के जवानों को प्रशस्ति पत्र दिया।
—————