भारतीय जीवन मूल्यों से विश्व को परिचित करायेगा आध्यात्मिक सेवा फाउण्डेशन

Share

भारतीय जीवन मूल्यों से विश्व को परिचित करायेगा आध्यात्मिक सेवा फाउण्डेशन

–महाकुम्भ में ​हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा कुम्भ का शुभारम्भ

महाकुम्भनगर, 11 जनवरी (हि.स.)। प्रयागराज महाकुम्भ के सेक्टर 8 स्थित मेला क्षेत्र के वेणी माधव मार्ग पर शनिवार को हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा कुम्भ कार्यालय का शुभारम्भ हुआ। टीकर माफी महाराज हरिचैतन्य ब्रह्मचारी की उपस्थिति में गंगा समग्र के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामाशीष और हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रो.गिरीश त्रिपाठी ने मां गंगा के चित्र के समक्ष दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

इस अवसर पर गंगा समग्र के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामाशीष ने कहा कि हिन्दूआध्यात्मिक सेवा फाउण्डेशन भारतीय जीवन मूल्यों से विश्व को परिचित करायेगा।

हरिचैतन्य ब्रह्मचारी ने कहा कि तीर्थों की महिमा बढ़ी है। प्रयागराज में साधाना तपस्या व यज्ञ की महिमा है।

हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रो.गिरीश त्रिपाठी ने कहा कि भारत केवल एक देश नहीं बल्कि दर्शन है। आध्यात्मिकता हमारे जीवन में एक परम्परा के रूप में है। हम वसुधैव कुटुम्बकम को मानने वाले लोग हैं। परिवार हमारे जीवन का आधार है। हमारी आध्यात्मिक परम्परा हमारी सामाजिक राजनीतिक व आर्थिक सांस्कृति जीवन का अधिष्ठान है।

उन्होंने कहा कि कन्या वंदन हमारी परम्परा का हिस्सा है। प्रकृति वंदन हमारा स्वभाव बनना चाहिए। नदियां पहाड़ जंगल हमारा परिवार है। भारत के विकास की व्याख्या में प्रकृति भी शामिल है। अगर प्रकृति का विकास नहीं हुआ तो मनुष्य का विकास नहीं होगा। इसलिए प्रकृति संरक्षण व वंदन के कार्यक्रम को समाज के ​बीच ले जाया जायेगा। आध्यात्मिकता पूरे विश्व के लिए है। विज्ञान व तकनीकि समाज के लिए है। आज पूरे विश्व में त्राहि—त्राहि मची है।

हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान के क्षेत्र संयोजक अमरनाथ ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि शिक्षा व चिकित्सा के सेवा कार्यों को समाज के बीच ले जाने का कार्य हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा फाउण्डेशन करेगा। 19 जनवरी को मातृ—पितृ वंदन कार्यक्रम होगा। इसके बाद 25 जनवरी को राष्ट्र रक्षक सम्मान होगा। हमारे मठ व मंदिरों की ओर से शिक्षा व चिकित्सा के क्षेत्र में अनेक सेवा कार्यों का संचालन होता है। इन सेवा कार्यों के बारे में समाज को अवगत कराया जायेगा।

—————