विंटर खेलो इंडिया में फतेहाबाद के कपीश कौशिक ने कांस्य पदक जीता

Share

विंटर खेलो इंडिया में फतेहाबाद के कपीश कौशिक ने कांस्य पदक जीता

फतेहाबाद, 30 जनवरी (हि.स.)। लेह लद्दाख की बर्फीली पहाडिय़ों में आयोजित पांचवें विंटर खेलो इंडिया प्रतियोगिता में फतेहाबाद के खिलाड़ी कपीश कौशिक ने अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत कांस्य पदक जीतकर प्रदेश व जिले का नाम रोशन करने का काम किया है। विजेता खिलाड़ी का गुरुवार को फतेहाबाद पहुंचने पर स्वागत किया गया, वहीं शिक्षा अधिकारियों ने भी विजेता खिलाड़ी को भी सम्मानित किया। बता दें कि 22 से 27 जनवरी लेह (लद्दाख) में पांचवें विंटर खेलो इंडिया प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में हरियाणा के 28 खिलाडिय़ों ने टीम मैनेजर नरेश सेलपाड व टीम कोच दीपक कोड की देखरेख में शॉर्ट ट्रैक, लॉन्ग ट्रैक, रिले रेस, के 500 मीटर और 1000 मीटर इवेंट में भाग लिया। इस प्रतियोगिता में हरियाणा के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन कर 5 पदों पर कब्जा किया। इसमें फतेहाबाद से कपीश कौशिक के अलावा परीक्षित कारोलिया सोनीपत, रोहित कुमार जींद, अभय उदय गुरुग्राम की आपसी सूझबूझ और तालमेल से 500 मीटर रिले रेस में कांस्य पदक जीतने की कामयाबी हासिल हुई। कपीश कौशिक पांचवें विंटर गेम के सबसे कम उम्र के एथलीट रहे, जो कि पहले भी तीसरे खेलो इंडिया में फिगर इवेंट में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इस बार भी फिंगर इवेंट से बदलकर 500 मीटर शॉर्ट ट्रैक में अपनी दावेदारी प्रस्तुत की और कांस्य पदक जीतने में सफल रहे। इस सराहनीय सफलता पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी वेद सिंह दहिया, एईईओ विजय जग्गा, समाजसेवी बंसीलाल, हरियाणा आइस स्केटिंग के महासचिव नरेश सेलपाड़ व हरियाणा स्केटिंग के प्रधान विजेंद्र सिंह लोहान ने विजेता खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।