यात्रीगण कृपया ध्यान दें वंदे भारत और पलामू एक्सप्रेस के टाइम टेबल में हो गया है बदलाव
पलामू, 30 दिसंबर (हि.स.)। साल 2025 के पहले दिन से ही पूर्व मध्य रेलवे के आठ वंदे भारत, 14 एक्सप्रेस और 9 पैसेंजर ट्रेन के टाइमिंग में बदलाव देखने को मिलेगा। पलामू के रास्ते पटना जाने वाली ट्रेन नंबर 21893 वंदे भारत और ट्रेन नंबर 13347 पलामू एक्सप्रेस के समय में थोड़ा परिवर्तन किया गया है।
वंदे भारत एक्सप्रेस पटना जाने के लिए अपने पूर्व निर्धारित समय पर टाटानगर से खुलेगी। रास्ते में पड़ने वाले गढ़वा रोड और गया स्टेशन पर इसके पहुंचने और खुलने का समय बदल गया है। दोनों स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन पहले की अपेक्षा पांच मिनट पहले पहुंचेगी और खुलेगी। गढ़वा रोड स्टेशन पर वंदे भारत के पहुंचने का नया समय 11.45 बजे और खुलने का 11.50 बजे निर्धारित किया गया है। पहले इस स्टेशन पर इसके आने का समय 11.50 बजे और जाने का 11.55 बजे था।
गया स्टेशन में वंदे भारत 14.25 बजे पहुंचेगी और 14.30 बजे में पटना के लिए रवाना हो जाएगी। गया में इसका पुराना टाइमिंग 14.30 बजे में आना और 14.35 बजे में जाना था। पटना से वापस टाटानगर जाने में ट्रेन संख्या 21894 वंदे भारत पहले के मुकाबले पांच मिनट पहले गया स्टेशन पहुंचेगी। नया समय 14.35 बजे में आना और 14.40 बजे में जाना निर्धारित हुआ है।
बरकाकाना से पटना जाने वाले ट्रेन संख्या 13347 का समय गढ़वा रोड और गया में बदला गया है। गढ़वा रोड में यह देर रात 1.50 बजे पहुंचेगी और 1.55 बजे खुल जाएगी, जबकि पहले यहां पलामू एक्सप्रेस दस मिनट 1.50 बजे से 2 बजे तक रुकती थी। इसके रुकने के समय में पांच मिनट की कटौती की गई है। गया में भी पांच मिनट स्टॉपेज कम किया गया है। पलामू एक्सप्रेस गया में सुबह 6.35 बजे खुलकर 6.40 बजे पटना के लिए रवाना होगी। जबकि पहले 6.35 बजे आकर 6.45 बजे गंतव्य के लिए जाती थी।
—————