मृतक की मां के बयान पर स्कूटी मालिक सहित पांच के खिलाफ प्राथमिकी, एक ने किया सरेंडर

Share

मृतक की मां के बयान पर स्कूटी मालिक सहित पांच के खिलाफ प्राथमिकी, एक ने किया सरेंडर

रांची, 27 दिसंबर (हि.स.)। मधुकम रूगड़ीगढ़ा में रहने वाले समीर आइंद उर्फ सन्नाटा की पिटाई से हुई मौत के मामले में सुखदेवनगर थाना में शुक्रवार को हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है। मृतक की मां कुसुम आइंद के बयान पर मामले में लक्ष्मण मिस्त्री, पुकंलू, विकास कुमार, महेश कुमार सहित एक अन्य को आरोपित बनाया गया है।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद लक्ष्मण विश्वकर्मा (मिस्त्री) ने सुखदेव नगर थाना में सरेंडर कर दिया।

उल्लेखनीय है कि समीर आइंद उर्फ सन्नाटा पर स्कूटी चोरी का आरोप लगा कर स्कूटी मालिक लक्ष्मण विश्वकर्मा (मिस्त्री) सहित अन्य आरोपितों ने मारपीट की थी। इलाज के दौरान समीर की रिम्स में मौत हो गयी थी।

कुसुम आइंद ने प्राथमिकी में कहा है कि वह मूल रूप से खूंटी जिला के कर्रा थाना क्षेत्र के जरिया गोविंदपुर की रहने वाली है। वर्तमान में मधुकम के झारखंड चौक में बहन जूली कच्छप के घर में रहती है। 24 दिसंबर को रूगड़ी गढ़ा निवासी सभी नामजद आरोपित हमारे पैतृक गांव जरिया गोविंदपुर गये और वहां से मेरे बेटे समीर आइंद को स्कूटी चोरी का आरोप लगा रूगड़ीगढ़ा ले आये। इसके बाद उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की। जब वह गंभीर रूप से घायल हो गया, तो आरोपित उसे झारखंड चौक पर छोड़ कर भाग गये। वहां काफी देर तक समीर गंभीर स्थिति में तड़पता रहा। इसकी सूचना मिलने पर वह झारखंड चौक पहुंची। पुत्र को ई-रिक्शा से सदर अस्पताल लाकर उसे भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। इलाज के क्रम में समीर आइंद की देर रात मौत हो गयी। कुसुम आइंद ने प्राथमिकी में कहा है कि उसके पुत्र की मौत पांचों आरोपितों के जरिये की गयी पिटाई के कारण हुई है। उसने सुखदेवनगर पुलिस से आरोपितों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

—————