मुख्यमंत्री साय ने जशपुर जिले के सलियाटोली में 726.27 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
रायपुर, 25 दिसंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बुधवार को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती सुशासन दिवस के अवसर पर जशपुर जिले के विकास के लिए कई बड़ी सौगाते दीं। मुख्यमंत्री ने कुनकुरी अंचल के ग्राम सलियाटोली में आयोजित कार्यक्रम में 726 करोड़ 27 लाख की लागत के 172 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया, जिनमें 65 करोड़ 94 लाख की लागत के 50 कार्यों का लोकार्पण और 660 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत के 122 कार्यों का भूमिपूजन शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने शासन के विभिन्न विभागों की हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत अनेक हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक सामग्री एवं उपकरण प्रदान किए।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय और रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति भगत, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, कृष्ण कुमार राय, नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, रामप्रताप सिंह, यश प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, रोहित साय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।
—————