हेमंत राज में भ्रष्टाचारी मालामाल और जनता बदहाल : सुदेश महतो
रामगढ़/बोकारो, 16 नवम्बर (हि. स.)। सरकार को राज्य के विकास से कोई लेना देना नहीं है। इन्होंने पांच साल में राज्य के भविष्य को बर्बाद कर दिया है। बालू, पत्थर, कोयला, जमीन लूट इनकी प्राथमिकता रही है। हेमंत राज में भ्रष्टाचारी मालामाल और जनता बदहाल है। सरकार ने युवाओं के सपनों को बेचने का काम किया है। इनकी कुव्यवस्था ने हमारे कई नौजवानों की जान ले ली सरकार ने अपनी गलती सुधारने के बजाय उस पर सिर्फ राजनीति की है।
महतो शनिवार को मांडू विधानसभा अंतर्गत बलसगरा और चुरचू में आयोजित जन आशीर्वाद सभा में बोल रहे थे। इस मौके पर एनडीए उम्मीदवार निर्मल महतो (तिवारी महतो) ने कहा कि जनता ने एक परिवार पर लगातार विश्वास किया लेकिन उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नहीं किया। जनता आज भी सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही है। जनता की सभी समस्याओं का निराकरण हमारी प्राथमिकता है। जनता का आशीर्वाद मिलते ही विकास के कई कार्य किए जाएंगे। हमारा संकल्प मांडू में मेडिकल तथा पॉलीटेक्निक कॉलेज की स्थापना के साथ ही क्षेत्र को शिक्षा का हब बनाना है। साथ ही लोगों की वर्षों की मांग और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए डाड़ी प्रखंड को रामगढ़ जिला में शामिल किया जाएगा।
इसके बाद सुदेश महतो बोकारो जिले के गोमिया विधानसभा अंतर्गत चतरोचट्टी में आयोजित पदयात्रा में भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि गोमिया ने लंबोदर महतो को सेवा का अवसर दिया। उन्होंने अपने काम के बल पर क्षेत्र की तस्वीर को बदल दिया है। जितना विकास 50 वर्षों में नहीं हुआ उतना काम इन्होंने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में करके दिखाया है। जनता फिर से इनके काम के आधार पर अपना आशीर्वाद देगी। जनता को एनडीए से उम्मीद है। उनकी उम्मीदों पर हम खरा उतरेंगे। 23 नवंबर का सूर्योदय राज्य में एनडीए की सरकार लाने वाला है। राज्य को फिर से विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए सकारात्मक बदलाव लाये जाएंगे।
इस मौके पर एनडीए उम्मीदवार लंबोदर महतो ने कहा कि पदयात्रा में हज़ारों की संख्या में शामिल हुए लोगों के प्यार ने बतला दिया है कि गोमिया की जनता का भरोसा एनडीए के साथ है। जनसंपर्क के दौरान क्षेत्र के हर गांव-हर कस्बे में जनता का स्नेह प्राप्त हो रहा है।
—————