फतेहाबाद : शहीद देविंद्र सिंह काे शहीदी समागम पर सैंकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि  

Share

फतेहाबाद : शहीद देविंद्र सिंह काे शहीदी समागम पर सैंकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि  

फतेहाबाद, 25 नवंबर (हि.स.)। शहीद देविन्द्र सिंह यादगारी ट्रस्ट द्वारा शहीद देविन्द्र सिंह के 23वें शहीदी समागम के मौके पर जिले के शहर रतिया के बुढलाडा रोड पर स्थित शहीद के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रमुख समाज सेवी कैप्टन गुरमुख सिंह भुल्लर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जबकि अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष अजैब सिंह मंडेर ने की।

मुख्यातिथि कैप्टन गुरमख सिंह भुल्लर ने कहा कि शहीद देवेंद्र सिंह ने आज से 23 वर्ष पूर्व देश की आन, बान व शान के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर शहीद का बड़ा रुतबा हासिल किया है। उनकी शहादत को हम कभी नहीं भूल पाएंगे। इस मौके पर शहीद देविन्द्र सिंह की धर्मपत्नी जसविन्द्र कौर तथा सैनिक हवलदार नन्द किशोर को ट्रस्ट के द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

समाधि स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह से पूर्व राजकीय कन्या व.मा. विद्यालय रतिया में प्राचार्य गजानन्द तथा राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय रतिया में प्राचार्य नन्द किशोर की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। दोनों विद्यालयों के छात्र- छात्राओं ने प्रवक्ता वीर सिंह, हरदीप सिंह, राज कमाना के नेतृत्व में चेतना रैली निकाली। दोनों विद्यालयों की चेतना रैली शहीद देविन्द्र सिंह के समाधि स्थल पर नारे लगाते हुए पहुंचीं। समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि समारोह में छात्रा कंचन व कोमल ने शहीद देविन्द्र सिंह की जीवनी प्रस्तुत की।

साहित्यकार डॉ. नैब सिंह मंडेर ने शहीद देविंदर सिंह की शहादत व शहीद देविन्द्र सिंह यादगारी ट्रस्ट द्वारा पिछले 23 वर्षों के इतिहास की जानकारी दी। इस अवसर पर चित्रकार कृष्ण सिंह द्वारा विशेष क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्रा राजवीर कौर, शुभम व कोमल ने शब्द गायन किया। प्रवक्ता वीर सिंह थिंद व प्रवक्ता राज सिंह कमाना ने शहीद की शहादत को समर्पित गीत पेश करके सबको मन्त्र मुग्ध कर दिया। विजेता विद्यार्थियों को ट्रस्ट द्वारा सम्मानित किया गया। श्रद्धांजलि समारोह में गुरप्रीत सिंह नैन, सतपाल जिंदल, सुबेदार ज्ञान सिंह ढोट, हवलदार नन्द किशोर, गुरप्रीत सिंह नैन ने संबोधित किया।