फतेहाबाद : तीन वाहन चोर पकड़े, बाईक चोरी की तीन वारदातें सुलझाई

Share

फतेहाबाद : तीन वाहन चोर पकड़े, बाईक चोरी की तीन वारदातें सुलझाई

फतेहाबाद, 6 नवंबर (हि.स.)। वाहन चोरों की धरपकड़ करते हुए थाना शहर टोहाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रोहित उर्फ बच्ची पुत्र सतपाल निवासी पंजाबी चौक, नरवाना, अंशुल उर्फ गोल्डी पुत्र रमेश कुमार निवासी आर्य नगर, नरवाना व विकास उर्फ जानी पुत्र बिजेन्द्र निवासी कालवन, नरवाना के रूप में हुई है। युवकों से पूछताछ के आधार पर टोहाना में हुई तीन वाहन चोरी की वारदातों को सुलझाया गया है। आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश कर हिसार जेल भेजा गया है।

थाना शहर टोहाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि पहले मामले में टोहाना पुलिस ने 14 सितम्बर को गांव खनौरा निवासी बलविन्द्र सिंह की शिकायत पर मिलन चौक, टोहाना के पास से बाईक चोरी होने बारे तथा दूसरे मामले में 17 अक्टूबर को प्रेम नगर टोहाना निवासी स्वराज की शिकायत पर कुटिया शांत सरोवर के पास से उसका मोटरसाइकिल चोरी होने बारे केस दर्ज किया था। मिलन चौक से रोहित ने जबकि कुटिया शांत सरोवर के पास से रोहित व उसके साथी अंशुल दोनों ने बाईक चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इन मामलों में जांच अधिकारी द्वारा अहम सुराग जुटाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। एक अन्य मामले में पुलिस ने 3 अगस्त 2023 को किला मोहल्ला निवासी रोहित की शिकायत पर, भूना रोड से उसका मोटरसाइकिल चोरी होने बारे केस दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस टीम ने अहम सुराग जुटाते हुए आरोपी विकास उर्फ जानी को गिरफ्तार किया है।