गुरुग्राम : खेल-खेल में लड़े बच्चे ताे युवक ने 12 साल के बच्चे पर तानी पिस्टल

Share

गुरुग्राम : खेल-खेल में लड़े बच्चे ताे युवक ने 12 साल के बच्चे पर तानी पिस्टल

– एंबिएंस लगून अपार्टमेंट के पार्क में फुटबाल खेल रहे थे कुछ बच्चे

– आरोपी की पत्नी ने अपने पति को शर्मशार करने वाली वारदात से रोका

गुरुग्राम, 22 नवंबर (हि.स.)। फुटबाल खेल रहे कुछ बच्चों में अचानक किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। नाराज एक बच्चे ने इसकी जानकारी अपने पिता को दी। बच्चे की बात सुनकर गुस्साए पिता ने पार्क में खेल रहे 12 साल के बच्चे पर पिस्टल तान दी। गनीमत यह रही कि आरोपी की पत्नी ने किसी तरह अपने पति को रोक लिया वरना एक बड़ी वारदात गुरुग्राम को फिर शर्मसार कर देती। पीड़ित बच्चे के पिता कर्ण लोहिया की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार 19 नवंबर काे कुछ बच्चे एंबिएंस लगून अपार्टमेंट के पार्क में फुटबाल खेल रहे थे। खेल के दौरान बच्चों में आपस में कहासुनी हो गई। तभी एक बच्चे ने अपने पिता को झगड़े की बात घर जाकर बता दी। अपने बेटे की बात सुनकर आरोपी प्रतीक सचदेवा पिस्टल लेकर पार्क में आया और बच्चे पर तान दी। उसी दौरान अपने पति को पिस्टल लेकर जाते हुए प्रतीक की पत्नी ने किसी तरह पति को रोका। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी पर पहले से ही हरियाणा के अलावा पंजाब और उत्तर प्रदेश में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पीड़ित बच्चे के पिता करण लोहिया के मुताबिक खेल-खेल में बच्चों का आपस में झगड़ा हो गया। यह झगड़ा उनके 12 साल के बेटे और सोसाइटी में रहने वाले प्रतीक सचदेवा के बेटे के साथ हुआ था। प्रतीक के बेटे ने शोर कर झगड़े की सूचना अपने पिता को दे दी। करण लोहिया ने प्रतीक सचदेवा के खिलाफ थाने में शिकायत दे दी है। करण ने बताया है कि वारदात के बाद से उनका बच्चा काफी डरा हुआ है।