यमुनानगर : कपाल मोचन मेला प्रारंभ, एसपी ने लिया सुरक्षा का जायजा
यमुनानगर, 11 नवम्बर (हि.स.)। पांच दिन तक चलने वाले उत्तर भारत के ऐतिहासिक कपाल मोचन मेले को सुरक्षित व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने को लेकर पुलिस अधीक्षक राजीव देशवाल ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। सोमवार से मेले की शुरूआत हुई और यह 15 नवम्बर तक चलेगा।
पुलिस अधीक्षक राजीव देशवाल ने पांच दिवसीय कपाल मोचन मेला क्षेत्र पहुंचकर सुरक्षा समेत अन्य बिन्दुओं का जायजा लिया। इस मौके पर जिला पुलिस उपाधीक्षक रमेश गुलिया, थाना प्रभारी बिलासपुर राय सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने मेले में चौकी, सभी सुरक्षा प्वाइंट, पार्किंग स्थलों व सरोवरों का जायजा लिया। उन्हाेंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को मेला को सुरक्षित व शांतिपूर्ण ढंग से संपूर्ण कराने के लिए दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस कर्मचारियों के रहने व खाने की व्यवस्था गवर्नमेंट कॉलेज बिलासपुर में की गई है, ताकि पुलिस कर्मचारियों को ड्यूटी करने में कोई परेशानी ना हो। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन की हर संभव कोशिश रहेगी कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए पूरी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर यातायात प्रभारी को कड़े दिशा निर्देश दिए गए हैं।
एसपी ने कहा कि ऐतिहासिक कपाल मोचन मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। यहां पर कई दिन तक रुकते हैं। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।