विधानसभा चुनाव : मतगणना स्थल पर चला साफ-सफाई अभियान
रांची, 21 नवंबर (हि.स.)। 23 नवंबर की सुबह आठ बजे से झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पंडरा, रांची में मतगणना होगी। इसके आस-पास सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर नगर निगम की ओर से गुरुवार को साफ-सफाई अभियान चलाया गया।
उल्लेखनीय है कि रांची जिले के विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग मतगणना स्थल की व्यवस्था की गई है। रांची, हटिया, कांके, मांडर, तमाड़ विधानसभा सीट की मतगणना पंडरा में होगी।
नगर आयुक्त के निर्देशानुसार निगम की ओर से 23 नवंबर को होने वाली मतगणना के मद्देनजर पंडरा स्थित वोटिंग काउंटिंग सेंटर परिसर तथा उसके आस-पास के क्षेत्र में विशेष साफ़-सफाई व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही पेयजल के लिए वाटर टैंकर, चलंत शौचलय व कूड़ेदान की व्यवस्था भी की जा रही है।
गौरतलब है कि राज्य भर में पहले चरण में 13 नवंबर को 43 और दूसरे चरण में 20 नवंबर को 38 सीटों के लिए मतदान हुआ था। अब 23 नवंबर को मतगणना की तैयारी है। इसे देखते सभी जिलों में मतगणना सेंटर के आसपास सुरक्षा की व्यवस्था की गयी है। साफ-सफाई का अभियान भी निरंतर चलाया जा रहा है।
—————