प्रमुख सचिव ने जिले में अधिकारियों संग की बैठक
जालौन, 17 नवंबर (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार को प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन, दुग्ध विकास, मत्स्य एव पशुधन विभाग, रविंद्र नायक ने विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने जनपद में चल रही गौशालाओं, पशुपालन और मत्स्य पालन योजनाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रविन्द्र नायक ने कहा कि जनपद के सभी गौ-आश्रय स्थलों पर उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से भूसा, हरा चारा, पानी, चोकर, सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने की बात कही। यह योजना मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि ग्राम विकास अधिकारियों व केयर टेकरों को गौशालाओं के देखभाल के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, ताकि गौवंश को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा, उन्होंने नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की गौशालाओं का नियमित भ्रमण करने का निर्देश दिया और कहा कि अगर कहीं अव्यवस्था पाई जाए तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि गौवंश का शत-प्रतिशत टीकाकरण किया जाए। साथ ही, मुख्यमंत्री सहयोगिता योजना के तहत कुपोषित बच्चों के परिजनों को गाय सौंपने की प्रक्रिया में प्रगति लाने निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निदेशालय को समय पर डिमांड भेजने के निर्देश दिए। मत्स्य विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि बैठक में दिए गए निर्देशों के सम्यक् अनुपालन के क्रम में सभी योजनाओं का कार्यान्वयन प्रभावी ढंग से किया जाएगा।
इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र देव शर्मा, प्रभारी जिला विकास अधिकारी महेंद्र चौबे और अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
—————