संविधान दिवस पर समाहरणालय सभागार में प्रस्तावना पाठ
हजारीबाग, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस पर समाहरणालय सभागार में मंगलवार को संविधान की प्रस्तावना पठन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर सर्वप्रथम संविधान के रचयिता डॉ भीमराव अम्बेडकर को याद किया गया। कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त इश्तियाक अहमद ने संविधान की उद्देशिका और मूल कर्तव्य को समाहरणालय के सभी अधिकारियों व कर्मियों के साथ सामूहिक रूप से पढ़ा। इश्तियाक अहमद ने संविधान के तहत प्रदत अधिकारों, कर्तव्यों के संबंध में जानकारी को दोहराया और कहा कि समता मूलक समाज के निर्माण को मूल परिप्रेक्ष्य में रखकर बनाए गए संविधान को हर स्तर पर जानना जरूरी है। इस दौरान अपर समाहर्ता संतोष कुमार सिंह, भू-अर्जन पदाधिकारी निर्भय कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी व समाहरणालय के सभी अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।