बस्तर जिले के अधिकांश धान खरीद केन्द्रों में अब तक नहीं हुई धान खरीद शुरू
जगदलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। बस्तर जिले में समर्थन मूल्य में धान खरीद 14 नवंबर से प्रारंभ हो गई है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 14 दिन देर से धान खरीद प्रारंभ हुई है। यानी 1 नवंबर की बजाये 14 नवम्बर से इस वर्ष धान खरीद प्रारंभ हाेने के बावजूद खरीद शुरू हुए एक पखवाड़ा बीत जाने पर भी जिले के 39 उपार्जन केंद्रों में अभी तक धान खरीद नहीं हुई है।
इन 39 केंन्द्रों में किसी भी किसान ने ऑनलाइन टोकन भी नहीं लिया है, जिसके चलते धान खरीद केंद्र में धान खरीद की बोहनी नहीं हो पाई है। बस्तर जिले में धान कटाई का काम लगभग समाप्त हो गया है। मिंजाई का काम जोर-शोर से चल रहा है। लेकिन समर्थन मूल्य पर धान की शासकीय खरीद शुरू होने के पखवाड़े भर बाद भी जिले के 39 खरीदी केन्द्रों में सन्नाटा पसरा हुआ है, जहां किसान धान विक्रय करने नहीं पहुंचे हैं। विदित हाे कि बस्तर जिले के 52692 किसानों ने धान बेचने के लिए अपना पंजीयन कराया है। जिले में अब कुल 309 किसानों से 14358 क्विंंटल धान की खरीद की जा चुकी है। बस्तर जिले में कुल 79 केन्द्रों में धान खरीद होनी है, जिसमें से 40 केन्द्रों में ही खरीद आरंभ हुई है। जिले 3 दर्जन केन्द्रों में अब किसान धान लेकर नहीं पहुंचे हैं।
—————