नगर निगम ने दो बिल्डिंग संचालकों को कम होल्डिंग टैक्स दर्शाये जाने को लेकर नोटिस किया

Share

  नगर निगम ने दो बिल्डिंग संचालकों को कम होल्डिंग टैक्स दर्शाये जाने को लेकर नोटिस किया

पलामू, 28 नवंबर (हि.स.)।मेदिनीनगर नगर आयुक्त जावेद हुसैन के निर्देश पर गुरुवार को शहर के दो बड़े प्रतिष्ठानों के होल्डिंग टैक्स का रीअसेसमेंट किया गया। इसमें गणपति धर्मशाला रोड में अवस्थित वी बाजार की जांच की गयी। जांच में बिल्डिंग के स्वामी की तरफ से तीन गुणा कम होल्डिंग टैक्स दर्शाये जाने की पुष्टि की गयी। इस पर बिल्डिंग के संचालक को नक्शा पास होने से संबंधित डॉक्यूमेंट और ट्रेड लाइसेंस के साथ निगम कार्यालय में उपस्थित होने का नोटिस दिया गया। इसी तरह निगम के टीम द्वारा वैरायटी साड़ी नामक प्रतिष्ठान के होल्डिंग टैक्स का रीअसेसमेंट किया गया, इसमें भी कम होल्डिंग टैक्स भरे जाने की पुष्टि हुई जिसके पश्चात बिल्डिंग के ओनर को नक्शा पास होने से संबंधित डॉक्यूमेंट और ट्रेड लाइसेंस के साथ निगम कार्यालय में उपस्थित होने का नोटिस दिया गया।

यहां विदित हो कि दोनों ही प्रतिष्ठान किराये पर संचालित हैं, इसीलिए दोनों बिल्डिंग के स्वामी को नोटिस दिया गया है। नगर निगम की टीम ने गुरुवार को छह माह से अधिक बकाया रखने वाले दुकानदारों के विरूद्ध भी अभियान चलाया। इसमें दर्जन भर दुकानों से 80 हज़ार से अधिक राशि की वसूली की गयी। इस दौरान टीम ने पाया कि कई दुकानों में संचालक द्वारा अतिक्रमण भी किया गया है। ऐसे सभी दुकानों के संचालकों को अवैध निर्माण को ध्वस्त कर लेने की चेतावनी दी गयी। साथ ही तय स्थान से ज्यादा स्थान पर किसी भी व्यक्ति द्वारा दुकान का संचालित किया जा रहा है तो उनके विरूद्ध भी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गयी। इसी क्रम में टीम के द्वारा छःमुहांन चौक के समीप लगने वाले ठेले-खोमचों को भी हटाने को बात कही गयी।

—————