आईआईटी जोधपुर का इस साल का मानद उपाधि पुरस्कार विनोद गुप्ता को
जोधपुर, 22 नवम्बर (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान जोधपुर (आईआईटी) में 25 नवंब को शाम 5.30 बजे लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स में प्रतिष्ठित मानद उपाधि पुरस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विनोद गुप्ता को विभिन्न क्षेत्रों में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए मानद उपाधि प्रदान की जाएगी।
आईआईटी जोधपुर द्वारा इस वर्ष का मानद उपाधि पुरस्कार आईआईटी खडग़पुर के पूर्व छात्र विनोद गुप्ता को प्रदान किया जाएगा। समारोह की शुरुआत संस्थान के निदेशक प्रो. अविनाश के. अग्रवाल के स्वागत भाषण से होगी जिसमें संस्थान की विशिष्ट उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण दिया जाएगा। मुख्य अतिथि पूर्व नरेश गज सिंह होंगे। साथ ही कार्यक्रम में एम्स जोधपुर के कार्यकारी निदेशक डॉ. गोवर्धन दत्त पुरी विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त आईआईटी जोधपुर के शोध पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए चेयर प्रोफेसरशिप स्थापित करने और पीएचडी पदों को वित्तपोषित करने के लिए जेनपैक्ट के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि विनोद गुप्ता एक प्रतिष्ठित भारतीय-अमेरिकी उद्यमी और समाजसेवी हैं। उत्तर प्रदेश के रामपुर मनिहारन में जन्मे गुप्ता ने केवल 100 डॉलर से इंफो गु्रप (पूर्व में इंफो यूएसए) की स्थापना की और इसे एक बिलियन डॉलर के उद्यम में बदल दिया, जिसमें आठ हजार से अधिक लोग कार्यरत हैं। उनके कार्यकाल के दौरान, इंफो गु्रप ने 45 कंपनियों का अधिग्रहण किया जिससे डेटाबेस मार्केटिंग में मार्केट लीडर बन गए।