राजकीय कृषि बीज भंडार में चना और गेहूं के बीज गायब
रबी की बुआई की तैयारी में लगे किसानों को लगा तगड़ा झटका
हमीरपुर, 13 नवम्बर (हि.स.)। हमीरपुर जिले में रबी की बुआई को यहां इस बार तगड़ा झटका लग रहा है। राजकीय कृषि बीज भंडार में ही चना और गेहूं के बीज गायब है। पिछले कई दिनों से बड़ी संख्या में किसान बीज के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रहे है लेकिन उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। क्षेत्र में सरकारी बीज भंडार में ताले लटक रहे हैं।
हमीरपुर जिले में पिछले कई हफ्ते से हजारों की संख्या में किसान खाद और बीज के लिए दर-दर भटक रहा है। रबी के सीजन में फसलों की बुआई के बीच किसानों को सरकारी कृषि बीज भंडार केन्द्र से चना और गेहूं समेत अन्य फसलों के बीज ही नहीं मिल रहे हैं। सुबह से ही बीज के लिए किसानों की भीड़ बीज भंडार के बाहर उमड़ती है लेकिन बीज भंडार के ताले ही नहीं खुल रहे हैं। जिले के कुरारा विकास खंड कार्यालय के परिसर में ही राजकीय कृषि बीज भंडार केन्द्र स्थित है लेकिन इस केन्द्र में पिछले कई दिनों से ताला पड़ा है। किसान केन्द्र में ताला लगा देखकर मायूस होकर लौट जाते है। क्षेत्र के रामनरेश सिंह, लालाराम, गोविन्द सिंह, भागवत प्रसाद, श्रीराम निषाद समेत तमाम किसानों ने बताया कि राजकीय कृषि बीज भंडार केन्द्र में हर समय ताला लटकता रहता है। केन्द्र प्रभारी का कोई पता नहीं है। बताया कि शासन से चना, मटर और गेहूं के बीज के मिनी किटें बीज भंडार में आए थे जो किसानों को मुफ्त मिलने थे लेकिन केन्द्र प्रभारी इसका वितरण नहीं कर रहे है।
बीज न मिलने से किसानों के माथे पर खिंची चिंता की लकीरें
क्षेत्र के राजकीय कृषि बीज भंडार केन्द्रमें चना, गेहूं और मटर के बीज के लाले पड़े होने से किसान परेशान घूम रहे है। राजू सिंह, सुघर सिंह, राजाराम, मइयादीन समेत तमाम किसानों ने बताया कि किसानों को रबी की फसल की बुआई के लिए दलहन और तिलहन के साथ ही गेहूं के बीज उपलब्ध कराए जाने के शासन से निर्देश है। बीज में किसानों को सरकारी छूट भी मिलती है लेकिन राजकीय कृषि बीज भंडार में ताला पड़ा है। जिससे क्षेत्र में रबी की फसल की बुआई किसान नहीं कर पा रहे है।
सरकारी बीज भंडार से बाजार में बीज के दाम ढाई गुना पहुंचे
किसानों ने बताया कि सरकारी कृषि बीज भंडार में गेहूं के बीज इक्कीस सौ रुपये क्विंटल है जबकि बाजार में पांच हजार रुपये क्विंटल भाव है। बताया कि गेहूं का भाव खुले बाजार में अधिक होने के कारण लोगों ने बीज भंडार से लेकर बाजार में बेच दिया है। जिससे गेहूं के बीज का संकट पैदा हो गया है। राजकीय कृषि बीज भंडार के प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि गेहूं के बीज छङ सौ क्विंटल आया था जो वितरण हो चुका है। आगे डिमांड की गई है। आने पर किसानों को वितरित किया जाएगा।
—————