विधायक नीलकंठ टेकाम काे केवल कमीशन लेना और भ्रष्टाचार करना आता है : कवासी लखमा
काेंड़ागांव, 18 नवंबर (हि.स.)। जिले में बदहाल हाे चुकी केशकाल घाट के सड़क निर्माण का काम जारी है, इसी बीच आज सोमवार को केशकाल घाट का निरीक्षण करने पहुंचे पूर्व मंत्री कवासी लखमा ने केशकाल घाट के सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय विधायक और राज्य सरकार पर कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार कर जनता को बेवकूफ बनाने का आरोप लगाया है। जिस पर पलटवार करते हुए विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा है कि, कवासी लखमा को गुणवत्ता के बारे में कितना ज्ञान है यह तो मैं नहीं जानता। लेकिन केशकाल घाट के निर्माण की आलोचना कर इसमें व्यवधान डालने का प्रयास किया जा रहा है। हमें एकजुट होकर घाट का निर्माण जल्द से जल्द पूरा करवाते हुए जनता को इसका लाभ दिलवाने पर विचार करना चाहिए।
पूर्व मंत्री कवासी लखमा का कहना है कि, घाटी में सड़क निर्माण के कार्य के लिए मार्ग डायवर्ट किया गया है, इससे जनता को काफी दिक्कतें हो रही हैं। इधर विभाग के द्वारा 24 घण्टे निर्माण कार्य करने की बजाय लेटलतीफी करते नजर आ रहे हैं। जिन मोड़ों में सीसी रोड बनाया गया है वहां ठीक से पानी भी नहीं डलवाया जा रहा है। उन्हाेने कहा कि यहां के कलेक्टर रह चुके नीलकंठ टेकाम अब विधायक बन गए हैं। उन्हें केवल कमीशन लेना और भ्रष्टाचार करना आता है। बस्तर में हवाई सेवाएं बंद करवा दी गई, रेल लाइन का विस्तार नहीं हुआ, ऐसे में जनता आखिर क्या करेगी। भाजपा बस्तरवासियों को अपना दुश्मन मानती है इसलिए बस्तर के साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है।
पूर्व मंत्री कवासी लखमा के बयान पर पलटवार करते हुए केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि पिछले 5 वर्षों में भूपेश बघेल की सरकार थी, लेकिन उन्होंने घाट की मरम्मत और जीर्णोद्धार के लिए कोई पहल नहीं किया। और अब हमारी सरकार केशकाल घाट की दशा को तेज गति से सुधार रही है, तो इसकी आलोचना कर व्यवधान न डाला जाए। जल्द से जल्द घाट का निर्माण कार्य पूरा कर आम जनता को सुविधा उपलब्ध करवाई जाए इस पर उन्हें विचार करना चाहिए। श्री टेकाम ने यह भी कहा कि केशकाल बायपास मार्ग और धमतरी-जगदलपुर फोरलेन मार्ग का कार्य भी स्वीकृत हो गया है, जल्द ही निर्माण कार्य भी शुरू करवा दिया जाएगा।
—————