ब्लॉक प्रमुख कार्यालय में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग

Share

ब्लॉक प्रमुख कार्यालय में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग

जालौन, 7 नवंबर (हि.स.)। जालौन में बुधवार की रात खंड विकास कार्यालय परिसर में बने ब्लॉक प्रमुख कार्यालय में आग लगे होने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाई और आग लगने के कारणों की जांच में जुट गई। देर रात डीएम-एसपी ने भी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया साथ ही अधीनस्थों उचित कार्यवाही के निर्देश दिए |

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के नदीगांव रोड स्थित खंड विकास कार्यालय परिसर में बने ब्लॉक प्रमुख कार्यालय में देर रात आग लगने की सूचना पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सीओ अर्चना सिंह, कोतवाल अरुण कुमार राय, मंडी चौकी इंचार्ज नीतेश कुमार पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से कार्यालय में लगी आग को बुझाया।

इस आगजनी में कार्यालय का फर्नीचर जलकर राख हो गया। पुलिस को मौके से दो खाली बोतल मिली जिनमें पेट्रोल के अंश पाए गए उन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया। देर रात डीएम राजेश कुमार एसपी दुर्गेश कुमार ने घटनास्थल का मुआयना किया और अधीनस्थों को जांचकर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। आगजनी की घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए इसके बाद ब्लॉक प्रमुख कार्यालय को सील कर दिया गया।

ब्लॉक प्रमुख कार्यालय में आगजनी की घटना पर सीओ अर्चना सिंह ने कहा कि जांच की जा रही है जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी कर कड़ी कार्यवाही की जाएगी किसी को भी बक्शा नहीं जाएगा।

—————