फतेहाबाद : पराली जलाने वाले आठ किसानों के खिलाफ एफआईआर

Share

फतेहाबाद : पराली जलाने वाले आठ किसानों के खिलाफ एफआईआर

फतेहाबाद, 5 नवंबर (हि.स.)। प्रतिबंध के बावजूद धान की पराली जलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। जिला पुलिस द्वारा पराली जलाने के आरोप में मंगलवार को भी आठ किसानों के खिलाफ पांच एफआईआर दर्ज की गई हैं। जिले में अब तक 22 किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है। पहले मामले में सदर फतेहाबाद पुलिस को दी शिकायत में कृषि विभाग बड़ोपल से सुपरवाइजर मनोज ने कहा है कि उपायुक्त द्वारा धान कटाई उपरांत बचे हुए अवशेष जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया हुआ है।

गत दिवस हरसेक द्वारा उन्हें जीपीएस लोकेशन भेजी गई जिसमें गांव धारनियां में किसान द्वारा अपने खेत में आग लगाने की सूचना थी। इस पर कृषि विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि किसान पवन पुत्र धर्मबीर निवासी धारनियां ने अपने खेत में 7 कनाल 2 मरला जमीन पर पराली में आग लगाई हुई थी। इस पर कृषि विभाग की टीम ने इस बारे पुलिस को सूचना दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी किसान के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

दूसरे मामले में सदर फतेहाबाद पुलिस ने कृषि विभाग बड़ोपल के एग्रीकल्चर सुपरवाइजर मनोज की शिकायत पर किसान सुरेन्द्र पुत्र रणजीत निवासी धारनियां के खिलाफ केस दर्ज किया है। हरसेक से मिली लोकेशन के बाद कृषि विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो पाया कि किसान ने 11 कनाल 11 मरले खेत में पराली जलाई हुई थी।

तीसरे मामले में सदर फतेहाबाद पुलिस ने कृषि विभाग बीघड़ के सुपरवाइजर मनीष अरोड़ा की शिकायत पर किसान इन्द्राज पुत्र कालूराम निवासी बीघड़ के खिलाफ केस दर्ज किया है। किसान ने 16 कनाल खेत में पराली जलाई हुई थी। चौथे मामले में भूना पुलिस ने एग्रीकल्चर सुपरवाइजर प्रदीप कुमार की शिकायत पर किसान सचिन, मुकेश देवी, अंकुश व अमित कुमार निवासी नहला के खिलाफ केस दर्ज किया है। इन किसानों ने अपने 8 कनाल खेत में पराली जलाई हुई थी। पांचवें मामले में भूना पुलिस ने एग्रीकल्चर सुपरवाइजर प्रीति बैनीवाल की शिकायत पर किसान सुखबीर पुत्र बारूराम निवासी दहमान के खिलाफ केस दर्ज किया है। किसान ने अपने 15 कनाल 4 मरले खेत में पराली जलाई हुई थी।