मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अवर सचिव को किया निलंबित
रांची, 11 नवम्बर ( हि.स.)। निर्वाचन सदन के कार्यालय परिसर में सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के प्रभारी व सदस्यों के साथ बातचीत के क्रम में अवर सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग संजय प्रसाद श्रीवास्तव को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से सेवा से निलंबित कर दिया है। साथ ही इनकी सेवा कार्मिक, प्रशासनिक सुघार तथा राजभाषा विभाग झारखंड को वापस करने का निर्देश दिया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा है कि विधानसभा निर्वाचन में सभी प्रत्याशियों को समान अवसर प्राप्त हो, इसके लिए कृतसंकल्पित होकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा किसी भी प्रत्याशी या राजनीतिक दल के प्रति किसी भी प्रकार के पक्षपात या किसी को विशेष संरक्षण से सम्बन्धित पाए जाने पर निर्वाचन कार्य में लगे पदाधिकारियों पर सख्ती से कर्रवाई करने का निर्देश है।
—————