आर्मी दौड़ की तैयारी कर रहे युवक का मिला शव
चतरा,19 नवंबर (हि.स.)। हंटरगंज थाना क्षेत्र के कोबना पंचायत के कोल्हुआ डाहा गांव के समीप मंगलवार को हंटरगंज-कौलेश्वरी मुख्य पथ के किनारे एक युवक का शव मिला। युवक की पहचान इसी गांव के बैजु यादव का पुत्र सरजन यादव उर्फ पवन (21) के रुप में हुई है। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया।
पुलिस घटना से संबंधित हर एक बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है। मृतक युवक सोमवार की शाम किसी व्यक्ति से फोन पर बात करते हुए घर से निकला था। वह घर के बाहर बरामदे में सोया करता था। घर लौटा या नही किसी को कोई जानकारी नहीं हुआ। सुबह एक शव होने की खबर सुनकर परिजन पहुंचे, जिसके बाद उसकी पहचान हुई। जिस जगह शव बरामद हुआ वहां पवन वर्जिश करता था। वह आर्मी की तैयारी कर रहा था। 24 नवम्बर को उसका रांची में दौड़ भी था। पुलिस ने घटना स्थल के पास से मृतक का मोबाइल, चपल एवं जैकेट भी बरामद किया है। मृतक के शरीर पर कई जगहों पर कट और चोट के निशान भी मिले हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि मृतक युवक का कॉल डिटेल्स खंगाला जा रहा है।
—————