हरियाणा में 50 लाख ताे सोनीपत में ढाई लाख नए सदस्य जोडेंगे: बडौली
-भाजपा का सदस्यता अभियान, संगठन
विस्तार और जनसंपर्क का प्रयास
-सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा की
जिला प्रवास बैठक आयोजित
सोनीपत, 14 नवंबर (हि.स.)। भाजपा
के सदस्यता अभियान को लेकर जिला भाजपा कार्यालय में गुरुवार को जिला प्रवास बैठक आयोजित
की गई। प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि सदस्यता
अभियान का उद्देश्य संगठन का विस्तार करना और अधिकतम लोगों को पार्टी से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान से नागरिकों को पार्टी की विचारधारा से जोड़कर राजनीति में
उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
बैठक
में बडौली ने कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे समाज के सभी वर्गों तक पहुंचकर
उन्हें भाजपा के उद्देश्यों से परिचित कराएं। युवाओं और महिलाओं को विशेष रूप से पार्टी
से जोड़ने पर जोर देने के साथ-साथ स्थानीय और राष्ट्रीय मुद्दों पर जागरूकता फैलाने
का आह्वान किया। इसके माध्यम से समाज के हर तबके का सशक्त प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना
भाजपा का लक्ष्य है।
कार्यकर्ताओं
को नए सदस्यों को जोड़ने में प्रोत्साहन देने की बात करते हुए बडौली ने कहा कि सबसे
अधिक सदस्य जोड़ने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता
को 1,500 नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया, जबकि मंडल पदाधिकारियों को एक हजार नए सदस्य
जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी। वहीं, प्रदेश पदाधिकारी तीन हजार नए सदस्य जोड़ेंगे। बडौली
ने बताया कि अब तक देशभर में 10 करोड़ से अधिक लोगों ने भाजपा की विचारधारा से ऑनलाइन
जुड़ाव किया है। हरियाणा में भी यह अभियान जोर-शोर से चलेगा, जहां 50 लाख नए सदस्य
जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें सोनीपत जिला में ढ़ाई लाख नए सदस्य शामिल होंगे।
सदस्यता
के बाद लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी सीधे उनके मोबाइल पर भेजी जाएगी, जिससे
वे योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। बडौली ने कहा कि इस अभियान से पार्टी का एक मजबूत वोट
बैंक तैयार होगा, जो भविष्य में भाजपा के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इस अवसर पर भाजपा
के जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा, जिला महामंत्री नवीन मंगल, और अन्य वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता
उपस्थित रहे।
—————