आरक्षक भर्ती के नाम पर 50 से अधिक युवाओं से ठगी करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार

Share

आरक्षक भर्ती के नाम पर 50 से अधिक युवाओं से ठगी करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार

कोंडागांव, 23 नवंबर (हि.स.)। जिले में इन दिनों आरक्षक भर्ती की प्रक्रिया चल रही है, ऐसे में बड़े अधिकारियों से सेटिंग करके पुलिस आरक्षक पद पर चयन करवाने के नाम पर 50 से अधिक युवाओं से ठगी करने वाले तीन आरोपिताें में मुख्य आरोपित जीवनलाल सोम एवं मुख्य आरोपित का सहयोग करने वाले दाे अन्य आराेपित उदय शोरी और हेमलाल मरकाम को विश्रामपुरी पुलिस ने आज शनिवार काे गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ठगी का शिकार हुए युवाओं ने थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। जिस पर कोंडागांव एसपी वाय. अक्षय कुमार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विशेष टीम बनाकर आरोपिताें की पतासाजी हेतु रवाना किया था। परिणामस्वरूप पुलिस ने 24 घण्टे के भीतर तीन आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपित जीवनलाल सोम धमतरी जिले का निवासी है जो कि आरक्षक पद पर चयन करवाने के नाम पर 9 युवाओं से लगभग 45 हजार रुपए ले चुका था। साथ ही इसमें बतौर एजेंट मुख्य आरोपित का सहयोग करने वाले 2 युवक उदय शोरी और हेमलाल मरकाम भी गिरफ्तार हुए हैं।

इस सम्बंध में एएसपी केडी. पटेल ने बताया कि कुछ युवाओं ने एसपी से शिकायत किया था कि आरक्षक भर्ती में चयन करवाने के नाम पर उनके साथ ठगी की गई है। एसपी के निर्देश पर तत्काल टीम गठित कर तीन आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपिताें से पूछताछ की जा रही है, अभी इस मामले में और भी तथ्यों के खुलासे हो सकते हैं। उन्हाेंने कहा कि मैं युवाओं से अपील करना चाहता हूँ कि आरक्षक भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से डिजिटलाइज है। इसमें सब कुछ पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की सेटिंग अथवा अप्रोच की गुंजाइश नहीं है। इसलिए यदि कोई भी नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे मांगे तो न देवें, तत्काल पुलिस से शिकायत करें।

—————