वर्षों बाद कृषि मंडी हुई प्रारम्भ, विधायक ने ली बैठक 

Share

वर्षों बाद कृषि मंडी हुई प्रारम्भ, विधायक ने ली बैठक 

करैरा, 27 अक्टूबर (हि.स.)। जैसे-जैसे मूंगफली का सीजन अपनी यौवन अवस्था की ओर अग्रसर हो रहा है, वैसे वैसे वर्षों से बन्द पड़ी करैरा कृषि उपज मंडी पुनः प्रारम्भ होने के नाम पर राजनीतिक पार्टियों में श्रेय लेने की होड मची है।

दरअसल मंडी लगभग 12 वर्षों से भी अधिक समय से बन्द पड़ी थी। जिसमें मण्डी प्रशासन और व्यापारी मिलकर किसान का जमकर शोषण करने में लगे थे। परिणाम स्वरूप किसान को अपनी उपज का सही मूल्य नहीं मिल पा रहा था। वहीं सरकार के टैक्स की चोरी जमकर हो रही है। लेकिन कुछ समय पूर्व से कांग्रेस किसान नेता पुरुषोत्तम रावत के नेतृत्व में किसानों ने एसडीएम अजय शर्मा को ज्ञापन देकर मंडी चालू कराने की मांग रखी और किसान स्वेच्छा से मंडी में अपनी उपज लेकर आने लगे और मंडी प्रारम्भ हो गई, लेकिन समस्याएं बनी रहीं जिसे सुधारने को रविवार के दिन करैरा विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने कृषि उपज मंडी कार्यालय में अधिकारियों और व्यापारियों की बैठक ली। जिसमे सभी पहलुओं पर अधिकारियों के साथ मंथन किया। इस दौरान किसानों और व्यापारियों ने भी समस्याएं रखी। विधायक ने किसानों और मजदूरों को आश्वस्त किया कि मंडी में उनको किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।

लगातार 12 वर्षों से बन्द पड़ी कृषि मंडी 21अक्टूबर से पुनः प्रारम्भ हो गई है। मंडी में पंजीकृत हर व्यापारी को मंडी प्रांगण के अंदर ही खरीद करना अनिवार्य है, नियम का उल्लंघन करने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। व्यापारियों ने मंडी में माल खरीदने के दौरान आने वाली समस्याओं से भी विधायक को अवगत कराया। विधायक ने तुरन्त मण्डी सचिव विजय कुमार मीणा को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए ।

कैंटीन में खाने व पीने के पानी की व्यवस्था ठीक करें

विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने मंडी सचिव को निर्देश देते हुए कहा कि मंडी कैंटीन में किसानों के लिए खाने व पीने के पानी की समस्या शीघ्र उपलब्ध कराई जाए।

किसानों ने सुनाई अपनी पीड़ा

दुर्ग सिंह लोधी ने बैठक के दौरान विधायक को बताया कि व्यापारियों द्वारा मूंगफली की प्रति बोरी तौल पर किसान की 2.5 किलो ग्राम मूंगफली निर्धारित तौल से अधिक ली जा रही है, तो वहीं ब्रजेश पाठक ने बताया कि व्यापारियों द्वारा किसानों को भुगतान देते समय प्रति सैकड़ा पर 1 प्रतिशत अतिरिक्त राशि ली जा रही है।

गल्ला व्यापारियों के टीन शेड हो कब्जा मुक्त

मीटिंग में उपस्थित आधा दर्जन से अधिक व्यापारियों ने विधायक रमेश प्रसाद खटीक को बताया कि कृषि मंडी प्रांगण में निर्मित लाखों रुपए के टीन शेडो पर शब्जी मंडी के थोक व्यापारियों के कब्जे हैं। जिस कारण से हमें अपने तौल कांटे बांट वारदाना सहित अन्य सामान रखने को जगह नहीं मिल पा रही है, इसलिए बड़े बड़े टीन शेडो को तुरंत खाली कराया जाए।

—————