फतेहाबाद : न्याय की गुहार लगाते हुए लघु सचिवालय के आगे एक माह से धरने पर बैठा पीडि़त परिवार
फतेहाबाद, 26 अक्टूबर (हि.स.)। दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की मांग को लेकर गांव बहबलपुर का पीडि़त परिवार करीब एक महीने से लघु सचिवालय के बाहर धरने पर बैठा है लेकिन प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। पीडि़त परिवार का कहना है कि एफआईआर में दर्ज आरोपियों को जल्द से जल्द पुलिस हिरासत में लेकर सख्त कार्रवाई की जाए अन्यथा दलित समाज के लोगों, बुद्धिजीवियों व न्यायपसंद लोगों को एकजुट करते हुए सोमवार 28 अक्टूबर को हरियाणा सरकार का पुतला जलाया जाएगा।
धरने पर बैठे गांव बहबलपुर निवासी राजू राम ने शनिवार को बताया कि 20 जुलाई को गांव के दबंगों ने रात को उसे जान से मारने की कोशिश की और सरेआम पिटाई करते हुए जाति सूचक गालियों देकर अपमानित किया। जब उसकी पत्नी व बेटी उसे बचाने के लिए आए तो उनको भी मारा पीटा और अपमानित किया और जाति सूचक गालियां दी। इस मामले में लिखित तौर पर पीडि़त राजूराम की पत्नी बाला देवी ने थाना सदर फतेहाबाद में शिकायत दी और उसके अड़ोस पड़ोस के लोगों ने बहुत सीरियस हालत में अग्रोहा मैडीकल में दाखिल करवाया।
इसके बावजूद भी दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित राजूराम की पत्नी ने गांव से पैसे उधार उठाकर किसी तरीके से हाईकोर्ट में याचिका लगाई और माननीय आदालत के आदेशों पर 31 अगस्त को बड़ी मुश्किल से मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बावजूद दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है और पीडि़त व उसका परिवार लघुसचिवालय परिसर फतेहाबाद के गेट के सामने 26 सितंबर से धरने पर बैठा है। पीड़ित परिवार ने कहा कि आरोपी खुलेआम घूम कर दहशत फैला रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले में तुरंत कार्रवाई की मांग की है।