बस्तर दशहरा पर्व में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था हेतु समन्वय के साथ करें कार्रवाई : हरिस एस.

Share

बस्तर दशहरा पर्व में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था हेतु समन्वय के साथ करें कार्रवाई : हरिस एस.

जगदलपुर, 5 अक्टूबर (हि.स.)। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हरिस एस. ने कहा कि प्रशासन का मूल कार्य कानून व्यवस्था को कायम रखना है और वर्तमान में ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व के मद्देनजर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करना अहम जिम्मेदारी है। इस दिशा में सम्बन्धित सभी अधिकारी समन्वित रूप से दायित्व निर्वहन करें। कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था हेतु तैयारी के साथ परिस्थिति अनुसार कार्रवाई करें। इसके लिए राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्यों को सुनिश्चित करें, मैदानी स्तर पर सम्बन्धित अधिकारी निरन्तर संपर्क में रहें। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए मैदानी अमलों की जानकारी-सूचना तंत्र सशक्त होना जरूरी है। कलेक्टर हरिस ने आज शन‍िवार को कलेक्टोरेट के प्रेरणा सभाकक्ष में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की बैठक में उक्त निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के श्रद्धालु पदयात्रियों की अधिकता को देखते हुए वाहनों की गति नियंत्रण तथा समुचित सुरक्षा हेतु पहल करने के निर्देश दिए। साथ ही पदयात्री सुविधा केंद्रों में सुरक्षा की व्यवस्था सहित स्वास्थ्य दलों की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने बस्तर दशहरा पर्व में रथ परिक्रमा के दौरान विद्युत बंद होने की स्थिति में जनरेटर एवं सर्च लाईट की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने ऐतिहासिक बस्तर दशहरा पर्व के दौरान सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय सुनिश्चित कर विभिन्न दायित्वों का निर्वहन बेहतर ढंग से करने कहा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बस्तर दशहरा पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने पर जोर देते हुए कहा कि शहर में नागरिकों के साथ ही गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण भी दशहरा पर्व में शामिल होने आएंगे। वहीं देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटक भी पहुचेंगे। इसे देखते हुए बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रबंधन जरूरी है एवं आपातकालीन परिस्थिति हेतु प्रशासन की तैयारी और नियंत्रण हेतु आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता का जांच भी जरूरी है। एसपी ने दशहरा पर्व के दौरान मांझी-चालकी, पुजारी, सिरहा, गुनिया, पाईक, पटेल जैसे पारम्परिक ग्रामीण नेतृत्व से भी चर्चा कर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया। वहीं असामाजिक तत्वों, आपराधिक मामले में चिन्हित बदमाशों पर कड़ी नजर रखने सहित संबंधितों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।

इस दाैरन सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सर्वे, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, नगर निगम आयुक्त हरेश मण्डावी सहित सभी अनुविभागीय दण्डाधिकारी, एसडीओपी तथा अन्य राजस्व अधिकारी और पुलिस विभाग के डीएसपी, थाना प्रभारी उपस्थित थे।

—————