रांची लोकसभा की सभी विधानसभा सीटों पर जीतेगा एनडीए : संजय सेठ
रांची, 23 अक्टूबर( हि.स.)। रांची सांसद और केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने दावा करते हुए है कि वर्तमान राज्य सरकार से त्रस्त यहां की जनता विधानसभा चुनाव में बदलाव को तैयार है। उन्हें पूरा भरोसा है कि रांची लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी सीटों पर एनडीए उम्मीदवार जीतेंगे।
रक्षा राज्य मंत्री ने बताया कि रांची हटिया और कांके विधानसभा क्षेत्र का नामांकन कल 24 अक्टूबर को किया जाएगा। रांची विधानसभा सुबह 10:00 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय मूर्ति के समक्ष, हटिया विधानसभा 11 बजे हरमू मैदान कांके विधानसभा एवं मांडर विधानसभा में 11:00 बजे मोराबादी मैदान में एकत्रित होकर रांची समाहरणालय में नामांकन के लिए जाएंगे। इस अवसर पर भारत सरकार के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। जबकि खिजरी विधानसभा क्षेत्र का नामांकन 28 अक्टूबर को किया जाएगा। 28 अक्टूबर को दिन के 12:00 बजे मोराबादी मैदान में सभी एकत्रित होकर रांची समाहरणालय में नामांकन किया जायेगा। सेठ बुधवार को अरगोड़ा चौक स्थित कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता में भी उत्साह है। हर तरफ परिवर्तन की लहर है। पिछले पांच साल में झामुमो और कांग्रेस की सरकार ने जो भ्रष्टाचार किए हैं, बेरोजगारों पर जो अत्याचार किए हैं, महिला उत्पीड़न और प्रताड़ना पर जो चुप्पी साधी है। इन सबका जवाब इस चुनाव में देने के लिए जनता तैयार है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सिर्फ कार्यकर्ता के रूप में काम करते हैं। मंत्री, विधायक, सांसद यह सब कुछ भाजपा में सिर्फ दायित्व है। यह कोई पद नहीं है। हम सब भाजपा कार्यकर्ता के रूप में ही पूरी मजबूती के साथ इस चुनाव में काम करेंगे और राज्य में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण करने वाली सरकार बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड को हमेशा से विशेष स्नेह दिया है। पांच साल हेमंत सोरेन की सरकार के बावजूद प्रधानमंत्री ने झोलियां भर भर के झारखंड के विकास के लिए योजनाएं दी लेकिन दुर्भाग्य है कि इस भ्रष्ट सरकार ने जानबूझकर मोदी सरकार की योजनाओं को राज्य में सफल नहीं होने दिया। मोदी सरकार की योजनाएं राज्य में सफल हो, उसके लिए डबल इंजन की सरकार जरूरी है ताकि झारखंड के विकास को और बेहतर गति मिल सके। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति हो, युवाओं को रोजगार मिले, भाजपा इसके लिए दृढ़ संकल्पित है और भाजपा के साथ पूरे राज्य की जनता खड़ी है।
इन दोनों के बीच भाजपा के कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ हर विधानसभा क्षेत्र में कमल खिलाने के लिए काम कर रहे हैं। रांची, हटिया, कांके, खिजरी इन चारों विधानसभा क्षेत्र में दुगुने उत्साह से भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है।
—————