लग्जरी वाहन से 24 लाख की अंग्रेजी शराब बरामद

Share

लग्जरी वाहन से 24 लाख की अंग्रेजी शराब बरामद

पलामू, 23 अक्टूबर (हि.स.)। पलामू प्रमंडल अंतर्गत गढवा जिले की रमना पुलिस ने एक लग्जरी वाहन से भारी मात्रा में लाखों की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ बिहार के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को रमना थाना में एसडीपीओ सत्येन्द्र नारायण सिंह ने पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा की विधानसभा चुनाव में पुलिस एवं चुनाव पदाधिकारी चौकस हैं। अवैध कारोबार एवं चुनाव में अशांति फैलाने वालों पर उनकी पैनी नजर है।

उन्होंने कहा कि 23 अक्टूबर को प्रातः पांच बजे गुप्त सूचना मिली कि संगठित अपराधिक गिरोह के सदस्य लग्जरी वाहन में अवैध रूप से विदेशी शराब उतर प्रदेश की तरफ से तस्करी के उद्देश्य से एनएच 75 के मार्ग से आने वाले हैं। सूचना पर श्री बंशीधर नगर के अंचलाधिकारी सह एफएसटी टीम के दंडाधिकारी विकाश कुमार, पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल की मदद से रमना थाना के करचा अस्पताल के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध सफारी गाड़ी आते दिखाई दिया, जिसे रोककर तलाशी ली गयी।

उसमें दो व्यक्ति सवार थे। पूछने पर अपना नाम चालक करण कुमार (23) , ग्राम फूलचंद चौक करजा, थाना नौवतपुर, जिला पटना तथा सनी कुमार (26) ग्राम महकार बिगहा थाना चंडी, जिला नालंदा बताया। वाहन में विदेशी शराब की बोतलें भरी थी। कागजात मांगने पर वे लोग कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। तत्पश्चात विधिवत जब्ती सूची बनाकर अंग्रेजी शराब एवं वाहन को जब्त करते हुए दोनों व्यक्ति को गिरफ्तार कर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

बरामद शराबों में बलंडर प्राइड 750 एमएल की 113 बोतल मूल्य 84750 रू, रेड लेबल एमएल 750 एमएल की 49 बोतल मूल्य 36750 रू, बाम्बे सप्लायर 750 एमएल की 10 बोतल मूल्य 7500रू, रायॅल चैलेंज 750 एमएल की 57 बोतल मूल्य 42750 रू, रॉयल स्टेग 750 एमएमल की 127 बोतल मूल्य 95250 रू, बकार्डी लेमन 750 एमएल की 18 बोतल मूल्य 13500 रू तथा मैजिक मूवमेंट 750 एमएल की 95 बोतल मूल्य 71250 रू की शराब बरामद की गयी है।

एसडीपीओ ने बतलाया कि जब्त वाहन का मूल्य 24 लाख रुपए तथा जब्त शराब एवं वाहन का कुल मूल्य 26 लाख 39 हजार 8 सौ 70 रूपये है। उन्होंने बताया कि छापामारी दल के सदस्यों में नगर उटारी सीओ सह एफएसटी टीम के दंडाधिकारी विकाश कुमार, रमना थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी, पुअनि चंदेश्वर राय, सअनि सुरेंद्र कुमार, वीरेंद्र कुमार,राकेश कुमार तथा हरिश्चंद्र भगत, रविशंकर प्रजापति शामिल थे।

—————