एनएसजी अधिकारी कमल ने उपराष्ट्रपति को भेंट की पोट्रेट
धर्मशाला, 29 अक्टूबर (हि.स.)।एनएसजी में बतौर अधिकारी सेवाएं दे रहे बैजनाथ के कमल कुमार ने अपनी बेहतरीन चित्रकला के दम पर अपनी एक अलग पहचान बना ली है। कमल जब हाथ में ब्रश पकड़ लेते हैं तो सामने वाले की हू-ब-हू फ़ोटो कैनवस पर उतार देते हैं। अभी तक कई महान हस्तियों की फ़ोटो बनाकर खुद उन्हें भेंट कर चुके कमल ने इस बार देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की पोट्रेट बनाई है। कमल ने इस पोट्रेट को मंगलवार को दिल्ली में उपराष्ट्रपति के निवास पर उन्हें आने हाथों से सौंपा। उपराष्ट्रपति ने जब अपना पोट्रेट देखा तो वह भी हतप्रभ रह गए और उन्होंने कमल की जमकर तारीफ की।
गौरतलब है कि एनएसजी अधिकारी कमल कुमार इससे पूर्व देश के विभिन्न राष्ट्रपति सहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई जानी मानी हस्तियों के पोट्रेट बनाकर उन्हें भेंट कर चुके हैं। एक फौजी होने के साथ ही एक बेहतरीन चित्रकार कमल कुमार के हाथों से पोट्रेट बनवाना अब हर किसी का सपना रहता है। चित्रकला के साथ ही बीते दिनों इन्होंने स्क्रैप मैटीरियल से एक हेलीकॉप्टर भी बनाया है।