जनार्दन पासवान समेत चार प्रत्याशियों ने चतरा से किया नामांकन
चतरा, 24 अक्टूबर (हि.स.)। चतरा विधान सभा चुनाव के नामांकन के सातवें दिन गुरुवार को एनडीए गठबंधन से लोजपा प्रत्याशी जनार्दन पासवान सहित चार उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया।
इस तरह अब तक पांच प्रत्याशियों ने नामांकन भरा। गुरुवार को नामांकन करने वालों में लोजपा प्रत्याशी के अलावा लोक अधिकार पार्टी से अशोक कुमार डोम, सीपीआई से कुन भुईंया, निर्दलीय अशोक गहलोत शामिल हैं। अशोक गहलौत आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव से इस्तीफा देकर निर्दलीय नामांकन कराया। झारखंड विधानसभा चुनाव में इंडी गठबंधन से राजद कोटे से चतरा विधानसभा की प्रत्याशी रश्मि प्रकाश ने बुधवार को नामांकन प्रपत्र दाखिल की थी
। इन्होंने गुरुवार को भी दूसरे सेट में निर्वाची पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम के समक्ष नामांकन पर्चा दाखिल किया। इधर नामांकन के सातवें दिन चार प्रत्याशी ने नामांकन प्रपत्र की खरीदारी की। इनमें सीपीआई -एम से पुल भुईंया, बसपा से चंद्रशेखर कुमार, एआईएमआईएम से सुबोध पासवान और अखिल भारतीय हिंदू महासभा से सागर राम शामिल है। इस तरह अब तक कुल 13 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदा है।
इनमें से पांच प्रत्याशियों ने गुरुवार तक नामांकन किया है। शेष आठ प्रत्याशी शुक्रवार को नामांकन करेंगे। यदि नामांकन के आखरी दिन और प्रत्याशी नामांकन पत्र खरीदते हैं तो नामांकन करने वाले प्रत्याशियों की संख्या बढ़ सकती है। शुक्रवार को नामांकन का अंतिम दिन है। मालूम हो कि जिले के चतरा विधान सभा क्षेत्र में चुनाव को लेकर बिते 18 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की गई थी । निर्वाची पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी जहुर आलम ने विधिवत रूप से अधिसूचना जारी किए थे।
नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है। 28 अक्टूबर को नामांकन प्रपत्रों की जांच की जाएगी। जबकि नाम वापस लेने की तिथि 30 अक्टूबर निर्धारित है। सदर एसडीओ कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल करने वाले उम्मीदवारों की सुविधा के लिए सुविधा केंद्र बनाया गया है। जहां पर उन्हें नामांकन पत्र को भरने की जानकारी दी जाएगी । नामांकन को लेकर सुरक्षा का व्यापक प्रबंध किया गया है।
—————