अनूपपुर: इंगांराजवि की कैंटीन में छात्राओं के खाने में मिला कीड़ा, हुआ हंगामा
अनूपपुर, 3 अक्टूबर (हि.स.)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय अमरकंटक में एक बार फिर सुर्खियों में है। बुधवार की रात खाने मे कीड़े मिलने के बाद छात्राओं का गुस्सा फूटा और छात्राओं ने कैंटीन के बाहर जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय के रानी दुर्गावती छात्रावास में रह रहीं छात्राएं बुधवार रात खाने के लिए पहुंची तो यहां छात्राओं के खाने में कीड़ा निकल आया। इसके बाद छात्राएं आक्रोशित हो गईं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि कैंटीन के खाने में कई बार कीड़े मिल चुके हैं। छात्राओं ने कहा कि खाने में कीड़े मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन एक-दो दिन अच्छे खाने की व्यवस्था करता है। उसके बाद फिर खाने की गुणवत्ता खराब हो जाती है और आए दिन खाने में कीड़े मिलते हैं।
कोई नहीं ले रहा टेंडर
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय के जनसम्पंर्क अधिकारी विजय दीक्षित ने बताया कि मुझे भी अभी खाने में कीड़े मिलने की सूचना मिली है। कैंटीन में खाना विश्वविद्यालय प्रशासन ही बनवात है। हमने तीन बार खाने को लेकर टेंडर जारी किया, लेकिन कोई भी टेंडर को लेता नहीं है।
—————