फतेहाबाद के गांव खाराखेड़ी में सरपंच के नाम से लगे बोर्ड पर किए फायर, केस दर्ज

Share

फतेहाबाद के गांव खाराखेड़ी में सरपंच के नाम से लगे बोर्ड पर किए फायर, केस दर्ज

फतेहाबाद, 24 अक्टूबर (हि.स.)। नेशनल हाइवे पर स्थित गांव खाराखेड़ी में कुछ लोगों द्वारा दहशत फैलाने को लेकर सरपंच के नाम के लगे पंचायती बोर्ड पर फायर करने का मामला सामने आया है। इस बारे में सरपंच द्वारा पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई गई है। सदर फतेहाबाद पुलिस को दी शिकायत में गांव खाराखेड़ी के सरपंच संजय कुमार ने कहा है कि गांव की पंचायती जमीन पर नेशनल हाइवे पर रंगला पंजाब नाम से होटल बना हुआ है। इसी होटल के साथ उसकी ढाणी को जाने वाली रास्ते पर सरपंच के नाम का पंचायती बोर्ड लगा हुआ है।

गत दिवस वह किसी काम से बाहर गया हुआ था। जब वह वापस लौटा तो उसने देखा कि पंचायती बोर्ड पर फायर के निशान बने हुए थे। जब उसने बोर्ड को चैक किया तो उसमें एक कारतूस भी फसा हुआ था। इस पर जब उसने आसपास पूछताछ की तो किसी ने कुछ नहीं बताया, सभी लोग दहशत में दिखे। एक व्यक्ति ने बताया कि उसने 1-2 दिन पहले फायर की आवाज सुनी थी। इस पर सरपंच ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। सरपंच ने कहा कि अज्ञात लोगों ने बोर्ड पर फायरिंग कर दहशत फैलाने का काम किया है। होटल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाए। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।