सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक का दो दिवसीय जैसलमेर दौरा

Share

सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक का दो दिवसीय जैसलमेर दौरा

जैसलमेर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी और सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी ने अपने दो दिवसीय जैसलमेर दौरे के दूसरे दिन गुरुवार को विश्व प्रसिद्ध तनोट माता मंदिर का दौरा किया। इस अवसर पर उनके साथ सीमांत मुख्यालय, राजस्थान के महानिदेशक, एमएल गर्ग भी उपस्थित थे। तनोट आगमन पर सीमा सुरक्षा बल, क्षेत्रीय मुख्यालय जैसलमेर (उत्तर) के उप महानिरीक्षक योगेन्द्र सिंह राठौड़ और वी पी सिंह समादेष्टा ने उनका स्वागत किया।

बल महानिदेशक ने तनोट मंदिर परिसर में मौजूद विजय स्तम्भ पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात सीमा सुरक्षा बल की विशेष गार्ड द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके उपरांत उन्हाेंने तनोट माता मंदिर में पूजा अर्चना की और देश में अमन एवं शांति की कामना की। सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों से मुलाकात कर जैसलमेर की अन्तरराष्ट्रीय सीमा की सामरिक सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में गहन विचार-विमर्श किया गया और साथ ही सीमा पर्यटन के अन्तर्गत चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौजूदा सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए और सीमा सुरक्षा बल को मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक के प्रयोग करने पर जोर दिया एवं बल में चल रही तमाम कल्याणकारी योजनाओ के बारे में अवगत कराया एवं साथ ही बल में अभिनव पहलों की आवश्यकता पर भी निर्देशित किया।

महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी ने अपने पहले जैसलमेर दौरे के दौरान सीमा की विषम परिस्थितियों में निरंतर अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे सीमा सुरक्षा बल के जवानों का उत्साहवर्धन किया।

—————