फतेहाबाद में जिंदा बुजुर्ग को मतदाता सूची में दिखाया मृत

Share

फतेहाबाद में जिंदा बुजुर्ग को मतदाता सूची में दिखाया मृत

फतेहाबाद, 5 अक्टूबर (हि.स.)। शनिवार को जिले भर में मतदान को लेकर हर वर्ग उत्साहित दिखा। चुनाव के बीच वोट देने पहुंचे एक बुजुर्ग को रतिया के वार्ड नंबर 1 के पोलिंग स्टेशन में मृत दिखाया गया है। रतिया के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चुनाव आयोग ने मतदान केंद्र बनाया हुआ है। यहां आज सुबह वार्ड नंबर 1 निवासी 76 साल के बुजुर्ग भंवर लाल वोट डालने के लिए सरकारी स्कूल में आए। जब भंवर लाल का वोट डालने का नंबर आया, तो मतदान केंद्र के अधिकारियों ने भंवर लाल को बताया कि उसका नाम लिस्ट में नहीं है। इस बात को सुनकर भंवर लाल घबरा गए। हालाकि बाद में भंवर लाल को वोट डालने की भावना को समझते हुए अधिकारियों ने फॉर्म भरवाकर वोट डलवाया। भंवर लाल ने बताया कि वह दिल की बीमारी का मरीज है। जब वह वोट देने आए तो उन्हें मृत दिखाया गया था।

फतेहाबाद में इनेलो-बसपा उम्मीदवार की अधिकारी से बहस

फतेहाबाद के जाखल के गांव सिधानी में टोहाना से इनेलो-बसपा उम्मीदवार कुणाल कर्ण सिंह ने प्रिजाइडिंग अधिकारी से बहस शुरू कर दी और आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र बबली के भाई मनोज को बिना परमिशन मतदान केंद्र में प्रवेश करने दिया। जिससे वोटिंग प्रभावित हो सकती थी। उन्होंने अधिकारी को कहा कि वो सरकार के दबाव में काम ना करें, जिसके जवाब में अधिकारी ने कहा कि दबाव नहीं है, काम स्मूथली चल रहा है। इस दौरान काफी हंगामा हुआ।

चांदपुरा में वीवीपैट में खराबी के कारण आधे घंटे रूकी रही वोटिंग

जिले के जाखल क्षेत्र के गांव चांदपुरा में ईवीएम वीवीपैट मशीन में खराबी आने से करीब आधे घंटे तक मतदान प्रक्रिया रूकी रही। दोपहर को मतदान के लिए बूथ के बाहर लाइनों में लगे लोगों को ईवीएम खराब होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार चांदपुरा के बूथ नं. 36 पर दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर ईवीएम वीवीपैट मशीन में खराबी आने के कारण वोटिंग रूक गई। वोटिंग रूकने से लाइनों में खड़े बुजुर्गों खासकर बुजुर्ग महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाद में खराबी को दूर किया गया और आधे घंटे बाद दोबारा वोटिंग प्रक्रिया शुरू हुई।