फतेहाबाद:बिना लाइसेंस पटाखे रखने वालों पर कार्रवाई, तीन युवक गिरफ्तार

Share

फतेहाबाद:बिना लाइसेंस पटाखे रखने वालों पर कार्रवाई, तीन युवक गिरफ्तार

फतेहाबाद, 21 अक्टूबर (हि.स.)। बिना लाइसेंस पटाखे रखने वालों पर नकेल कसते हुए जिला पुलिस ने सोमवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में थाना शहर रतिया पुलिस की टीम एएसआई जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में शहर में गश्त पर थी तो उन्हें सूचना मिली कि वेदराज पुत्र इन्द्राज निवासी ब्राह्मणवाला बस अड्डा रतिया के पास अपनी मारूति कार में काफी मात्रा में पटाखे भरकर खड़ा है। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक कार में बैठा युवक पुलिस को देखकर घबरा गया। शक के आधार पर पुलिस कर्मचारियों ने उसे काबू कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम वेदराज बताया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें से 30 किलो पटाखे बरामद हुए। इस पर पुलिस ने जब वेदराज से पटाखों बारे लाइसेंस मांगा तो वह कोई कागजात नहीं दिखा पाया। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज किया है।

दूसरे मामले में रतिया पुलिस की टीम एएसआई प्रताप सिंह के नेतृत्व में गश्त पर थी तो उन्हें सूचना मिली कि पंजाब के मानसा जिले का रविन्द्र सिंह रतिया के लोहारी चौक पर एक ऑटो में पटाखे लेकर जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रविन्द्र को काबू कर लिया। पुलिस ने मौके से उसके पास से 50 किलो अलग-अलग तरह के पटाखें बरामद कर उसके खिलाफ केस दर्ज किया है।

तीसरे मामले में एंटी नारकोटिक सैल फतेहाबाद पुलिस की टीम एएसआई रघुवीर सिंह के नेतृत्व में अलीका से रतिया आ रही थी तो गांव लाली के पास एक कार आती दिखी। पुलिस को देखकर कार सवार घबरा गया और कार को खाली प्लाट में मोडक़र खड़ा कर दिया। शक के आधार पर पुलिस कर्मचारियों ने कार चालक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम कुलविन्द्र कुमार निवासी झनीर जिला मानसा बताया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसमें से दो कट्टों में भरे 19 किलो 500 ग्राम पटाखे बरामद हुए। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर केस दर्ज किया है।