राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच बने राहुल द्रविड़, फ्रेंचाइजी ने किया स्वागत

Share

राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच बने राहुल द्रविड़, फ्रेंचाइजी ने किया स्वागत

नई दिल्ली, 06 सितंबर (हि.स.)। पूर्व भारतीय कप्तान और कोच राहुल द्रविड़ रॉयल्स स्पोर्ट्स ग्रुप के स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के बहु-वर्षीय अनुबंध पर मुख्य कोच नियुक्त किए गए हैं। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की।

फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि पूर्व रॉयल्स कप्तान और कोच ने 2011 से 2015 तक फ्रेंचाइजी के साथ पांच सत्र बिताए। अब वे तुरंत टीम के साथ जुड़कर फ्रेंचाइजी की समग्र क्रिकेट रणनीति को लागू करने के लिए रॉयल्स के क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा के साथ काम करेंगे।

रॉयल्स परिवार में द्रविड का स्वागत करते हुए रॉयल्स स्पोर्ट्स ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेक लश मैक्रम ने कहा कि हम राहुल को फ्रेंचाइजी में वापस लाकर बहुत खुश हैं। उनकी असाधारण कोचिंग क्षमताएं भारतीय क्रिकेट में उनके द्वारा लाए गए बदलाव से स्पष्ट हैं। उनका फ्रेंचाइजी से भी गहरा जुड़ाव है। युवा और अनुभवी प्रतिभाओं से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाने की उनकी विशेषज्ञता, साथ ही जिन मूल्यों के साथ वे काम करते हैं, वे हमारी फ्रेंचाइजी के साथ सहजता से जुड़े हुए हैं।

रॉयल्स में वापसी पर अपने विचार व्यक्त करते हुए राहुल द्रविड़ ने कहा कि वे उस फ्रैंचाइजी में वापस आकर खुश हैं जिसे उन्होंने पिछले कई सालों तक ‘घर’ कहा है। विश्व कप के बाद उन्हें लगता है कि उनके लिए एक और चुनौती लेने का यह आदर्श समय है। उन्होंने कहा कि हमारे पास जिस तरह की प्रतिभा और संसाधन हैं, उसे देखते हुए यह हमारे लिए इस टीम को अगले स्तर पर ले जाने का एक रोमांचक अवसर है और मैं शुरुआत करने के लिए उत्सुक हूं।

राजस्थान रॉयल्स के मुख्य मालिक मनोज बदाले ने द्रविड़ का फ्रेंचाइजी में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राहुल का रॉयल्स के साथ एक लंबा और गहरा इतिहास रहा है। यहीं से उन्होंने अपनी कोचिंग यात्रा शुरू की थी। हमें उन्हें फ्रेंचाइजी में वापस लाने पर खुशी है। उम्मीद है कि उनकी वापसी से हमारी प्रगति में और तेजी आएगी।

रॉयल्स के क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा, जिन्होंने पिछले चार सत्रों से मुख्य कोच की भूमिका निभाई, ने द्रविड़ का फ्रैंचाइजी में स्वागत करते हुए कहा कि एक कोच के रूप में पिछले एक दशक में उन्होंने जो हासिल किया है, वह असाधारण है। मैंने इस टीम के लिए उनके विजन के बारे में उनसे पहले ही कुछ सार्थक बातचीत की है और वह रॉयल्स के लिए परिणाम देने के लिए उत्सुक हैं।

—————