नवरात्र पर्व से पहले सड़कों के गड्ढे भरे जाएं : सुनील कुमार

Share

नवरात्र पर्व से पहले सड़कों के गड्ढे भरे जाएं : सुनील कुमार

रांची, 13 सितंबर (हि.स.)। नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने संबद्ध विभागों को नवरात्र से पहले हर हाल मे सड़कों पर उभरे गड्ढों को भरने का निर्देश दिया है। प्रोजेक्ट भवन स्थित सचिव कक्ष में शुक्रवार को रांची नगर निगम, जुडको और पथ निर्माण विभाग के साथ हुई आपात बैठक में प्रधान सचिव ने यह निर्देश दिया।

प्रधान सचिव पथ निर्माण, रांची नगर निगम और जुडको के अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि दोषी और लापरवाह अभियंता हर हाल में दंडित होंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि तत्काल सड़कों का निरीक्षण किया जाये। टूटे डिवाइडर को जगह पर लाकर पुनर्स्थापित किया जाये। सड़कों के किनारे उग आये झाड़-झंखाड़ की सफाई करते हुये वहां हरियाली के लिए पौधे लगाये जायें। कुमार ने जुडको को निर्देश दिया कि पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदे गये गड्ढों को ब्लैक टाप करते हुए भरा जाये। विशेष परिस्थिति में तकनीकी कारणों से ब्लैक टॉप नहीं करना है। प्रधान सचिव ने जमशेदपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया व कहा कि साफ-सफाई और होर्डिंग्स पर विशेष ध्यान दिया जाये। रांची मे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन पर भी विशेष ध्यान देते हुये साफ-सफाई पर ध्यान दिया जाये।

—————