मस्जिद विवाद मामले में जनभावनाओं का सम्मान करे सुक्खू सरकारः जयराम ठाकुर

Share

मस्जिद विवाद मामले में जनभावनाओं का सम्मान करे सुक्खू सरकारः जयराम ठाकुर

शिमला, 14 सितंबर (हि.स.)। मस्जिद विवाद पर मचे बवाल के बीच नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने शनिवार को एक बयान में कहा है कि संजौली के बाद मंडी में भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर बलपूर्वक कार्रवाई अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार लोगों की जनभावनाओं का अनादर कर रही है। सरकार से लोग न्याय की आशा करते हैं, लेकिन सरकार बर्बरता से निपटना चाहती है। सरकार की बर्बरता के कारण ही प्रदेश भर में यह प्रदर्शन उग्र होता जा रहा है, हर व्यक्ति संवैधानिक तरीक़े से अपनी नाराज़गी ज़ाहिर कर रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लोगों के लोकतांत्रिक प्रदर्शन को बर्बरता से कुचलने का प्रयास कर रही है। सरकार द्वारा प्रदर्शनकारियों के खिलाफ़ अपनाई गई बर्बरता अन्यायपूर्ण हैं। सरकार जनभावनाओं का सम्मान करने के बजाय उन्हें कुचलने पर अमादा है। यह किसी भी सूरत में प्रदेश के हित में नहीं है। सरकार प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें न्याय का भरोसा क्यों नहीं दे रही है। अवैध निर्माण क्या सरकार को इस तरह से मजबूर कर सकता है कि उस पर कार्रवाई के बजाय प्रदेश के लोगों पर लाठियां भांजी जाए और उन्हें वॉटर कैनन से चोटिल करने का काम किया जाए। कांग्रेस नीत सुक्खू सरकार अपने इस तानाशाही रवैये से बाज आए।

जयराम ठाकुर ने कहा कि मण्डी और संजौली में हुई बर्बरता के विरोध में पूरे प्रदेश में लोग बाज़ार बंद करके, मौन जुलूस निकाल करके अपनी भावनाएं ज़ाहिर कर रहे हैं। ऐसे में सरकार लोगों की भावना का सम्मान करे और उन्हें न्याय मिलने का भरोसा दिलाए। क्या कांग्रेस सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत लोगों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी नहीं करने देगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों की चिंताओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और न्यायोचित मार्ग निकलना चाहिए। हिमाचल एक शांत प्रदेश है और ऐसे में इस तरह के टकराव की स्थिति किसी के लिये भी ठीक नहीं है। सरकार क़ानून के दायरे में काम करते हुए इस असहज हालत से प्रदेश के लोगों को मुक्त करवाए।

—————